रामपुर : शाहबाद में छात्र की अपहरण के बाद हत्या, अधजली हालत में मिला शव
शाहबाद/रामपुर/अमृत विचार। शाहबाद थाना क्षेत्र में कक्षा 11 के छात्र की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। दो दिनों से लापता छात्र का शव शुक्रवार दोपहर को अधजली हालत में तालिकाबाद के निकट चड्डा फॉर्म के मैदान से बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के …
शाहबाद/रामपुर/अमृत विचार। शाहबाद थाना क्षेत्र में कक्षा 11 के छात्र की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। दो दिनों से लापता छात्र का शव शुक्रवार दोपहर को अधजली हालत में तालिकाबाद के निकट चड्डा फॉर्म के मैदान से बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस पिता-पुत्र समेत तीन आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। एएसपी समेत पुलिस अधिकारियों ने घटना की जानकारी मिलने के बाद मौका मुआयना किया।
शाहबाद थाना क्षेत्र के गांव तालिकाबाद निवासी कुंवर पाल विकास खंड शाहबाद में सफाई कर्मचारी है। उसका बेटा कक्षा 11 का छात्र था।बुधवार देर शाम सात बजे उसका बेटा विवेक उम्र (17) वर्ष खाना खा रहा था। इस दौरान जाहिदपुर गांव निवासी राजू ने फोन करके विवेक को किसी काम के लिए बुलाया। राजू के बुलाने पर उसका बेटा साइकिल लेकर घर से निकला ,उसके बाद वह घर नहीं लौटा। उसके घर नहीं लौटने से परिजनों को चिंता हुई तो उसकी तलाश शुरुकर दी। मगर कई जगह तलाश करने के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला।
इसके बाद युवक के पिता ने गुमशुदगी दर्ज कराने को कोतवाली में तहरीर भी दी। लेकिन शुक्रवार सुबह विवेक का शव अधजली अवस्था में तालिकाबाद के निकट चड्डा फॉर्म पर मिला। लापता का अधजला शव मिलने की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़ंकप मच गया। एएसपी समेत पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई।शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक युवक के पिता कुंवरपाल का आरोप है कि राजू और उसके पिता महिपाल ने एक अज्ञात व्यक्ति के साथ मिलकर बेटे विवेक की ह्त्या की है। हत्या के बाद शव को छुपाकर जला दिया। हालांकि अभी तक हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।पुलिस ने कुंवरपाल की तहरीर के आधार पर पिता पुत्र सहित एक अज्ञात के खिलाफ ह्त्या का मामला दर्ज कर जांच शुरूकर दी है।
