बरेली: रैली की अनुमति के लिए सुविधा एप पर ऑनलाइन करें आवेदन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव में कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन कर कोरोना के फैलाव को रोकने के लिए राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से सहयोग मांगा गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी मानवेंद्र सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों से कहा कि विधानसभा क्षेत्रों के लिए रैली स्थल की …

बरेली, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव में कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन कर कोरोना के फैलाव को रोकने के लिए राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से सहयोग मांगा गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी मानवेंद्र सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों से कहा कि विधानसभा क्षेत्रों के लिए रैली स्थल की घोषणा पूर्व में की जा चुकी है। इसके लिए सुविधा एप पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। या फिर संबंधित विधानसभा क्षेत्र के उप जिलाधिकारी कार्यालय में आवेदन पत्र जमा किया जा सकता है। पहले आओ पहले पाओ के आधार पर रैली स्थल का आवंटन किया जाएगा।

कहा कि चुनाव में प्रत्येक कार्य में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराएं। बिना मॉस्क के किसी भी मतदाता को मतदान नहीं करने दिया जाएगा। बुखार के लक्षण वाले या कोविड पॉजिटिव मतदाताओं को सबसे अंत में मतदान का अवसर मिलेगा। विधानसभा निर्वाचन के संबंध में कलेक्ट्रेट में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को याद दिलाया कि दलों का चुनाव एजेंट आदि उसी व्यक्ति को बनाया जाएगा, जिसको वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी होंगी। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी वीके सिंह ने बताया कि चुनाव में पहली बार 80 वर्ष से अधिक के बुजुर्गों तथा दिव्यांगजनों को उनकी इच्छानुसार पोस्टल बैलेट की व्यवस्था की गई है। वे चाहें तो मतदान स्थल तक आ सकते हैं, जहां व्हीलचेयर उपलब्ध रहेगी।

अन्यथा वे पोस्टल बैलेट का इस्तेमाल कर सकते हैं। पोस्टल बैलेट के लिए उन्हें रिटर्निंग अधिकारियों के माध्यम से फार्म-12 डी वितरित कराया जा रहा है। अधिसूचना लागू होने के पांच दिनों के भीतर उनसे फार्म 12-डी पर उनका विकल्प प्राप्त कर वापस ले लिया जाएगा। उसके आधार पर ही उन्हें इच्छानुसार सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। बताया कि 2017 के चुनाव में जिन स्थानों से चुनाव पार्टियां रवाना की गई थीं, उन्हीं स्थानों से इस बार भी पोलिंग पार्टियां रवाना की जाएंगी और मतगणना भी राज्य भंडारागार निगम के परसाखेड़ा परिसर में होगी।

मुख्य कोषाधिकारी अनवर अहमद ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के समक्ष चुनाव खर्च की सीमा तथा उसका संक्षिप्त ब्यौरा प्रस्तुत किया। दलों से उनके सुझाव प्राप्त किए। बैठक में विधायक डॉ अरुण कुमार, विधायक राजेश कुमार मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवाण, अलावा सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार