रामपुर : रिश्ते के भाई ने दोस्तों के साथ मिलकर की थी समीर की हत्या, मुठभेड़ में गिरफ्तार
रामपुर, अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में मॉल संचालक की हत्या में पुलिस ने मृतक के रिश्ते के भाई और उसके दो साथियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की गोली लगने से दो हत्यारोपी जख्मी भी हो गए। जबकि पुलिस ने एक आरोपी को दौड़कर पकड़ लिया। दोनों घायलों को …
रामपुर, अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में मॉल संचालक की हत्या में पुलिस ने मृतक के रिश्ते के भाई और उसके दो साथियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की गोली लगने से दो हत्यारोपी जख्मी भी हो गए। जबकि पुलिस ने एक आरोपी को दौड़कर पकड़ लिया। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सैफनी थाना क्षेत्र के रायपुर का मझरा निवासी समीर राजपूत काफी समय से ज्वाला नगर में किराए के मकान में रहता था। शौकत अली रोड पर स्थित एक यूनिक माल का संचालन करता था। सप्ताह भर पहले समीर राजपूत अपने साथी विशाल के साथ शिव विहार कालोनी में जा रहा था। किटप्लाई रोड पर बदमाशों ने समीर की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
हत्या की रिपोर्ट सिविल लाइंस थाने में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। सिविल लाइंस पुलिस ने सूचना के आधार पर शुक्रवार रात को एसओजी को साथ लेकर किटप्लाई रोड पर घेराबंदी कर दी। सामने से एक बाइक सवार तीन लोगों को आते देख पुलिस ने रोका तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल को गए।
घायल दो बदमाशों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने बताया कि पूछताछ में लाखन ने समीर की हत्या की बात कबूली है। समीर और लाखन आपस में रिश्ते के भाई लगते थे। दोनों ऑनलाइन बिजनेस किया करते थे, लेकिन समीर ने पार्टनरशिप तोड़ दी, जिसके बाद से लाखन ढाई साल से उससे रंजिश मान रहा था। इसी रंजिश में लाखन ने अपने साथी देवेश और फिरोज के साथ मिलकर समीर की हत्या कर दी।
