बिजनौर : नहर के किनारे खून से लथपथ मिला अज्ञात युवक का शव
बिजनौर, अमृत विचार। नांगल भागूवाला नहर मार्ग पर संदिग्ध परिस्थितियों में खून से लथपथ एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार को चंदक हेड नहर की पटरी पर गांव सराय आलम के निकट एक 30 वर्षीय युवक का …
बिजनौर, अमृत विचार। नांगल भागूवाला नहर मार्ग पर संदिग्ध परिस्थितियों में खून से लथपथ एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शनिवार को चंदक हेड नहर की पटरी पर गांव सराय आलम के निकट एक 30 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने नांगल पुलिस को दी। सूचना के बाद नांगल थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार, हल्का दरोगा देवानन्द सैनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने शव की शिनाख्त करने का प्रयास किया। काफी प्रयास के बाद भी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। शव देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि कोई अज्ञात वाहन टक्कर मार कर के चला गया। जिससे ज्यादा खून बहने के चलते युवक की मौत हो गई।
थाना प्रभारी रविंद्र कुमार का कहना है कि एक अज्ञात शख्स का शव मिला है। उसके दाएं हाथ पर महिपाल सिंह नाम गुदा हुआ है। पुलिस को शव के पास से प्रसाद की थैली, एक लाइटर, एक माला मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी तक मृतक की पहचान नहीं हुई है। एक्सिडेंट में मौत होना प्रतीत हो रहा है।
