अयोध्या: 4 डिग्री सेल्सियस पहुंचा तापमान, थर-थर कांपे अयोध्यावासी, 20 व 21 को बारिश के आसार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। मकर संक्रांति से शुरू हुआ सर्दी का सितम रविवार को भी बरकरार रहा। सर्द हवाओं और गलन ने जिंदगी की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। सड़कों पर आवाजाही भी अन्य दिनों की अपेक्षा कम रही। रविवार सर्दी के लाकडाउन जैसा गुजर गया। लोग घरों में ही कैद रहे, घूमने फिरने की हिम्मत नहीं जुटा …

अयोध्या। मकर संक्रांति से शुरू हुआ सर्दी का सितम रविवार को भी बरकरार रहा। सर्द हवाओं और गलन ने जिंदगी की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। सड़कों पर आवाजाही भी अन्य दिनों की अपेक्षा कम रही। रविवार सर्दी के लाकडाउन जैसा गुजर गया। लोग घरों में ही कैद रहे, घूमने फिरने की हिम्मत नहीं जुटा सके। शनिवार को जहां न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, वहीं रविवार को पारा लुढ़क कर चार डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा।

दो दिन से बदले मौसम के मिजाज ने तीखे तेवर अख्तियार कर लिए। सुबह से ही बला की गलन और सर्द हवाओं ने सामान्य जनजीवन पर गहरा असर डाला है। मौसम विभाग ने भी अगले चौबीस घंटे तक गलन भरी ठंड की आशंका जताई है। रविवार को भी शनिवार की तरह कंपकंपी वाली सर्दी के कारण सड़कों पर भी आवाजाही रोज की अपेक्षा कम रही।

सुबह खासा कोहरा छाया रहा लेकिन दोपहर दो बजे के बाद बादलों को चीर कर हल्की धूप खिली लेकिन वह भी लोगों को कंपकंपी से राहत नहीं पहुंचा सकी। अगर आने वाले दो चार दिन गलन का यही आलम रहा तो सामान्य दिनचर्या पर गहरा प्रभाव पड़ेगा। जिला और महिला अस्पताल में भी सर्दी का असर देखने को मिला। यहां मरीजों और तीमारदारों को ठिठुरते हुए देखा गया।

दोनों ही अस्पतालों में अलाव की व्यवस्था नहीं दिखाई दी। चौक और रिकाबगंज समेत नगर के अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर भी गरीब तबके के लोग कांपते दिखाई दिए। जिन निर्धारित स्थलों पर सप्ताह भर पहले अलाव के लिए लकड़ियां दिखाई दे रहीं थीं एक टुकड़ा तक नहीं दिखा। यही हाल रोडवेज और रेलवे स्टेशन का भी दिखा।

आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के रविवार को अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। हवा 4.3 किलोमीटर की रफ्तार से दक्षिणी पश्चिमी दिशा में चली। आगामी चौबीस घंटे में कोहरा छाए रहने और हवा के सामान्य गति से चलने के आसार हैं।

बढ़ेगी सर्दी खांसी के मरीजों की संख्या : विशेषज्ञों का मानना है कि गलन भरी सर्दी बरकरार रही तो सर्दी खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो सकता है। खास कर बुजुर्गों और बच्चों को इस सर्दी से बचाने की जरूरत है। बेहद सर्द हवाओं दिल के मरीजों के लिए घातक साबित हो सकती है।

अगले छह दिनों का संभावित तापमान

दिन        अधिकतम      न्यूनतम

सोमवार        19                8
मंगलवार       20                8
बुधवार          20             10
गुरुवार          21             11
शुक्रवार        22              11
शनिवार        18              11

संबंधित समाचार