हल्द्वानी: नाइट कर्फ्यू में चोरों की आई बहार, दो दिन में 11 दुकानों के ताले तोड़कर पुलिस को दी सलामी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। गजब हाल है, शहर के लोग नाइट कर्फ्यू के दौरान घरों में कैद हैं और चोर बेखौफ दुकानों के ताले तोड़ने में मशगूल हैं। डीआईजी से लेकर एसएसपी तक की शहर में मौजूदगी रहती है। हर रोज अपराध पर लगाम लगाने के दावे किए जाते हैं लेकिन हकीकत परेशान करने वाली है। …

हल्द्वानी, अमृत विचार। गजब हाल है, शहर के लोग नाइट कर्फ्यू के दौरान घरों में कैद हैं और चोर बेखौफ दुकानों के ताले तोड़ने में मशगूल हैं। डीआईजी से लेकर एसएसपी तक की शहर में मौजूदगी रहती है। हर रोज अपराध पर लगाम लगाने के दावे किए जाते हैं लेकिन हकीकत परेशान करने वाली है। ऐसे में रात्रि गश्त का हवाला देने वाली पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठना लाजिमी है।

टीपीनगर चौकी क्षेत्र के डहरिया में एक ही रात में चोरों ने एक के बाद एक पांच दुकानों के ताले तोड़ डाले और हजारों की नगदी उड़ा दी। जबकि पंचायतघर में भी चोरों ने एक दुकान का ताला तोड़ डाला। एक दिन पहले भी ठीक इसी तरह चोरों ने मंडी चौकी क्षेत्र के तीनपानी इलाके में एक के बाद एक पांच दुकानों के ताले और माल समेत हजारों की नगदी पर हाथ फेर दिया था।

हार्डवेयर शॉप में शटर का एक ताला नहीं टूटा
डहरिया शिव विहार में रहने वाले देवी दत्त सनवाल की डहरिया रोड पर जय मां वाराही के नाम से हार्डवेयर की दुकान है। चोर दुकान के बाहर लगे दरवाजे का ताला तोड़ कर दुकान के शटर तक पहुंचे। यहां शटर का एक ताला तो चोरों ने तोड़ डाला लेकिन दूसरा ताला चोरों ने नहीं टूटा, जिसके चलते चोरी होने से बच गई।

नगदी ले गए और चिल्लर छोड़ गए चोर
देवी दत्त की दुकान में नाकाम कोशिश के बाद चोरों ने पड़ोस में स्थित मेलकानी फास्ट फूड की दुकान का ताला तोड़ा। ये दुकान धनपुरी में रहने वाले लक्की मेलकानी की है। लक्की ने बताया कि चोरों ने गल्ले में रखी करीब 11 सौ रुपये की नगदी उड़ा दी और वहीं रखा करीब चिल्लर का डिब्बा छोड़ गए।

चार ताले तोड़ने के बाद शटर गिरा कर गए चोर
सत्यलोक विहार डहरिया में रहने वाले दिलीप सिंह रावत की महालक्ष्मी इंटर प्राइजेज मेलकानी फास्ट फूड के बगल में है। दो शटर वाली दुकान के चार ताले चोरों ने तोड़े और गल्ले में रखी 9 हजार रुपये की नगदी पार कर दी। दिलीप सिंह रावत ने बताया कि जाने से पहले चोर दो में एक शटर नीचे करके गए।

एक किलोमीटर दूर चोरी की दूसरी वारदात
पांचवीं वारदात सेंट लॉरेंस सीनियर सेंकडरी स्कूल के ठीक सामने स्थित बेकरी शॉप में हुई। बालाजी मंदिर के पास डहरिया में रहने वाले दुकान मालिक तारा सिंह ने बताया कि उन्होंने ओवन खरीदने के लिए दुकान में 20 हजार रुपये कैश रखा था। इसके अलावा बेटी की गुल्लक में पांच हजार रुपये थे, जो चोर ले गए।

रामपुर रोड पर तोड़ा छठवीं दुकान का ताला
बेकरी शॉप के मालिक तारा सिंह ने बताया कि चोरों ने रामपुर रोड स्थित पंचायतघर में भी एक दुकान का ताला तोड़ा है। यह परचून की दुकान है। चोरों ने यहां भी दुकान का ताला तोड़ा, लेकिन चोरी नहीं कर सके। बहरहाल, उक्त घटनाओं में चोरी की वारदात एक सीसीटीवी में कैद हो चुकी है और पुलिस जांच में जुट गई है।

तीनपानी में इन दुकानों के तोड़े थे ताले
– चंपा मेहता की दुकान से ड्राइफ्रूट, मसाले व 600 रूपये की नगदी
– धर्मेंद्र कश्यप की रेडीमेड की दुकान से जैकेट व 1500 रूपये की नगदी
– तनुज सोनकर की दुकान से एक मोबाइल फोन व 800 रूपये की नगदी
– डॉ. गिरीश भट्ट की पैथोलॉजी लैब से 4 हजार की नगदी
– किराने की दुकान से नगदी समेत अन्य सामान चोरी

 

 

संबंधित समाचार