मुरादाबाद : पहाड़ों पर गिरी बर्फ से बढ़ी ठंड, पांच डिग्री तक लुढ़का पारा
मुरादाबाद, अमृत विचार। पहाड़ों पर गिरी बर्फ पिघलने के बाद चलने वाले पश्चिमी विक्षोभ ने हवा को सर्द कर दिया है। कई दिनों से धूप नहीं निकलने के कारण ठंड का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। सोमवार को चलने वाली सर्द हवा ने पारा गिराने के साथ लोगों को घर पर रहने के लिए …
मुरादाबाद, अमृत विचार। पहाड़ों पर गिरी बर्फ पिघलने के बाद चलने वाले पश्चिमी विक्षोभ ने हवा को सर्द कर दिया है। कई दिनों से धूप नहीं निकलने के कारण ठंड का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। सोमवार को चलने वाली सर्द हवा ने पारा गिराने के साथ लोगों को घर पर रहने के लिए मजबूर कर दिया। मौसम वैज्ञानिकों ने आगामी दो दिनों तक ठंड और कोहरे का असर रहने के संकेत दिए हैं। सोमवार को अधिकतम तामपान 20 व न्यूनतम पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तराखंड से सटा होने के कारण पश्चिमी यूपी के लोगों को फिलहाल ठंड से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। पहले पहाड़ों पर हुई बर्फबारी ने सर्दी बढ़ा दी। इसके बाद मैदानी इलाकों में हुई बारिश ने सर्दी को चरम पर पहुंचा दिया। बारिश और कोहरे के कारण आलम यह है कि कई दिनों से धूप के दर्शन नहीं हो पा रहे हैं। अब पहाड़ों पर गिरी बर्फ पिघलनी शुरू हो गई है। जिस कारण पश्चिमी विक्षोभ से चलने वाली हवा काफी सर्द हो गई है। तीन दिनों से इन सर्द हवाओं का असर देखने को मिल रहा है। दिन निकलने के साथ ही शीतलहर के कारण लोग घर में रहना मुनासिब समझ रहे हैं। सोमवार को भी जिलेवासियों को शीतलहर से राहत नहीं मिल सकी।
पांच डिग्री तक पहुंचा पारा
सोमवार को दिन निकलने के साथ सर्द हवा ने ठंड और गलन को बढ़ा दिया। सुबह से गली-मोहल्लों के अलावा प्रमुख चौराहों पर लकड़ी जल गए। धूप न निकलने से दिन भर लोग ठिठुरते हुए घर से निकले। दिन भर बदली छाए रहने से सोमवार को अधिकतम तापमान 20 व न्यूनतम पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक अभी दो से तीन दिनों तक ठंड का प्रकोप जारी रहने के आसार जता रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार बुधवार तक कोहरे के साथ कुछ स्थानों पर बारिश के आसार बने हैं। इसके बाद मौसम में सुधार होने की उम्मीद है।
पहाड़ों पर गिरी बर्फ गलने के कारण शीत लहर बढ़ गई है। दो से तीन दिन तक अभी ठंड का असर कम नहीं होगा।-डॉ. आरके सिंह, मौसम वैज्ञानिक
