ठंड से कांपा यूपी, जनजीवन रहा प्रभावित, मौसम विभाग ने दी ये चेतावनी…
लखनऊ। भीषण ठंड और कोहरे की चपेट में आये उत्तर प्रदेश में आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। आसमान में छाये बादल और धुंध के बीच गलन भरी ठंड के चलते सड़कों पर भीड़भाड़ में कमी दर्ज की गयी। हाड़ कंपा देने वाली ठंड से बचने के लिये लोग जगह जगह अलाव तापते नजर …
लखनऊ। भीषण ठंड और कोहरे की चपेट में आये उत्तर प्रदेश में आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। आसमान में छाये बादल और धुंध के बीच गलन भरी ठंड के चलते सड़कों पर भीड़भाड़ में कमी दर्ज की गयी। हाड़ कंपा देने वाली ठंड से बचने के लिये लोग जगह जगह अलाव तापते नजर आये।
ठंड से सरकारी दफ्तरों में भी कम आए कर्मचारी
बाजारों में सुबह से शाम तक आमतौर पर सन्नाटा पसरा रहा। सरकारी दफ्तरों में उपस्थिति भी अपेक्षाकृत कम रही। बैंको और डाकघर समेत अन्य सार्वजनिक संस्थानों में ग्राहकों की संख्या में भी गिरावट नजर आयी।
राज्य में भीषण ठंड और कोविड संक्रमण को देखते हुये सभी शिक्षण संस्थाओं को अगली 23 जनवरी तक बंद कर दिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार ठंड का यह दौर कम से कम अगले 24 घंटे तक जारी रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिसंख्य इलाकों में अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार है, जबकि न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क सकता है। चिकित्सकों ने सलाह दी है कि ठंड से खासतौर पर बीमार, बुजुर्ग और बच्चो को एहतियात बरतने की जरूरत है।
सूर्य निकलने पर ही घर से बाहर निकलें मार्निंग वॉकर
मार्निंग वाकर सूर्य निकलने पर ही घर से बाहर गर्म कपड़े पहन कर बाहर निकलें वरना घर पर ही हल्के व्यायाम करें। हृदय रोगी और श्वांस रोगियों को विशेष सावधानी बरतें। पिछले 24 घंटे में बरेली मंडल में अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गयी वहीं गोरखपुर,लखनऊ, अयोध्या,बरेली,मुरादाबाद,झांसी,आगरा और मेरठ में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम रिकार्ड किया गया। वाराणसी में सबसे अधिक पारा 19 डिग्री सेल्सियस रहा।
प्रयागराज में तापमान में रही मामूली बढ़त
प्रयागराज मंडल में रात के तापमान में मामूली बढोत्तरी दर्ज की गयी हालांकि कानपुर, झांसी, मेरठ मंडल मे न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। मुजफ्फरनगर राज्य का सबसे सर्द इलाका रहा जहां न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इस अवधि में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर भोर के समय घना कोहरा छाया रहा वहीं पूर्वांचल के इक्का दुक्का स्थानों पर कोहरा का साम्राज्य रहा मौसम विभाग ने अगले दो दिनो तक कोल्ड डे जैसे हालात रहने के आसार जताये हैं।
पढ़ें: बरेली: दिनेश सक्सेना बने यूपी पीएनबी स्टाफ एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष
