संभल : 10 तमंचे बरामद कर शस्त्र बनाने का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल,अमृत विचार। पुलिस ने दो स्थानों से 10 बने हुए तमंचे, कुछ अधूरे तमंचे, कारतूस और हथियार बनाने में प्रयोग होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। इस धंधे में शामिल दो लोग भी पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। पहला मामला कोतवाली क्षेत्र का है। जहां सोमवार देर रात पुलिस को निर्माणाधीन मकान में अवैध शस्त्र …

संभल,अमृत विचार। पुलिस ने दो स्थानों से 10 बने हुए तमंचे, कुछ अधूरे तमंचे, कारतूस और हथियार बनाने में प्रयोग होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। इस धंधे में शामिल दो लोग भी पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। पहला मामला कोतवाली क्षेत्र का है। जहां सोमवार देर रात पुलिस को निर्माणाधीन मकान में अवैध शस्त्र बनाए जाने की सूचना मिली।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर आरोपी को तमंचे बनाते हुए पकड़ लिया। आरोपी के पास से अवैध शस्त्र व अन्य उपकरण बरामद किए हैं। मोहल्ला कबीर की सराय में स्थित श्मशान घाट के पास निर्माणाधीन मकान में एक अभियुक्त अवैध शस्त्रों की मरम्मत और कुछ नए हथियार बनाने का काम कर रहा था। मुखबिर ने अवैध शस्त्र बनाने वाले अभियुक्त के बारे में पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने अभियुक्त को मौके पर ही पकड़ लिया।

पुलिस ने अभियुक्त के पास से दो पोनिया, एक बना और एक अधबना तमंचा, चार कारतूस और एक खोखा बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अनस पुत्र लईक अहमद उर्फ भूरा निवासी मोहल्ला नाला बताया। अभियुक्त ने बताया कि गरीब होने के कारण रोजीरोटी का कोई साधन नहीं था। इस कारण विधानसभा चुनाव में अवैध शस्त्रों की अधिक खपत होने के कारण वह इनके निर्माण में जुटा था। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करके चालान कर दिया है।

जेल से छूटने के बाद शहाजहानाबाद के जंगल में तमंचे बनाते धरा
संभल। रजपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को गंगा नदी के किनारे अवैध शस्त्र बनाने का पर्दाफाश कर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से बने और अधूरे तमंचे बरामद किए हैं। आरोपी जेल से छूटने के बाद अवैध रूप से फिर से तमंचे बनाने के काम में जुट गया था।

रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव शहाजहानाबाद के जंगल में गंगा नदी के किनारे एक अभियुक्त अवैध शस्त्र बनाने का काम कर रहा था। मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी, सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा तो अभियुक्त अवैध शस्त्र बनाने में जुटा था। उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम इस्लाम पुत्र अलीसेन निवासी रजपुरा का बताया। पुलिस ने उसे 2015 में भी अवैध शस्त्र बनाते हुए पकड़ा गया था। अभियुक्त ने जेल से आने के बाद कुछ दिनों तक काम नहीं किया। फिर दोस्त नीरज के बहकावे और विधानसभा चुनाव में अवैध शस्त्रों की अच्छी खपत होने के कारण यह काम शुरू कर दिया। पुलिस ने मंगलवार को अभियुक्त के पास से नौ तमंचे, 13 कारतूस और 4 खोखा कारतूस व अवैध शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करके चालान कर दिया।

विधानसभा चुनाव को देखते हुए अवैध शस्त्र और शराब के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को थाना बनियाठेर, संभल कोतवाली और रजपुरा थाना क्षेत्र में एक-एक अवैध शस्त्र बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। जहां से तमंचे, बंदूक और कुछ कारतूस बरामद किए हैं। -चक्रेश मिश्र, एसपी

संबंधित समाचार