रुद्रपुर: रात के सन्नाटे में काट रहा था टीन शेड, पकड़ा गया चोर
रुद्रपुर, अमृत विचार। सन्नाटे के बीच टीन शेड काटना एक चोर को भारी पड़ गया। टीन कटने की आवाज सुनकर मालिक ने लोगों की मदद से दुकान की घेराबंदी कर ली। आहट सुनकर जैसे ही चोर ने भागने की कोशिश की, लोगों ने उसे पकड़ लिया। इस घटना से क्षेत्र में खलबली मच गई। मौके …
रुद्रपुर, अमृत विचार। सन्नाटे के बीच टीन शेड काटना एक चोर को भारी पड़ गया। टीन कटने की आवाज सुनकर मालिक ने लोगों की मदद से दुकान की घेराबंदी कर ली। आहट सुनकर जैसे ही चोर ने भागने की कोशिश की, लोगों ने उसे पकड़ लिया। इस घटना से क्षेत्र में खलबली मच गई। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई और जांच करने के बाद पकड़े गए आरोपी को वह थाने ले आई। आरोपी के पास से दुकान काटने के औजार भी मिले हैं।
शहर कोतवाली के बाजार चौकी क्षेत्र के मुख्य बाजार में नैनीताल हाइवे पर एक मोबाइल की दुकान है। सोमवार की तड़के दुकान स्वामी के पिता इंद्रजीत सिंह रोजमर्रा की भांति दुकान पर पहुंचे तो छत से लोहे की चादर कटने की आवाज सुनाई दी। उन्हें कुछ गड़बड़ लगा तो पहले इसकी जानकारी घरवालों को दी और आस पड़ोस के लोगों को भी खबर कर दी। खामाशी से लोगों को बुला लिया और फिर दुकान के आसपास घेराबंदी कर ली।
आहट महसूस होने पर चोर ने भागने का प्रयास किया और छत से कूद गया। लेकिन पहले से तैयार दुकान मालिक और लोगों ने उसे घेर लिया और दुकानस्वामी के दोनों लड़कों ने भागकर चोर पकड़ लिया। बाद में छत पर जाकर देखा तो टीन की चादर काटी जा चुकी थी और प्लास, कटर, सरिया काटने का ब्लेड और दस्ताने आदि मौके पर मिले। पुलिस आरोपी को पकड़कर थाने ले गई।
सीसीटीवी कैमरें में भी कैद हुआ चोर
बाजार चौकी प्रभारी संदीप शर्मा ने बताया कि पकड़े गये आरोपी की हरकत के बारे में जांच की गई तो एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी उसकी हरकत कैद हुई है। वह दुकान की छत काटते हुए देखा गया है। आरोपी के खिलाफ तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
चार साल पहले भी इस दुकान में हो चुकी है चोरी
-चार साल पहले भी इस दुकान में चोरी हो चुकी है। दुकान के मालिक देवेंद्र सिंह ने बताया कि नवंबर 2017 को उनकी दुकान की छत काटकर 25 लाख रुपये के कीमत के मोबाइल चोरी हुए थे। इसके बाद 2018 से लेकर 2022 तक दुकान में चौथी बार चोरी का प्रयास हुआ है। एक ही तरीके से हुई चोरी से किसी एक के लिप्त होने का अंदेशा है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
