अयोध्या: विधानसभा चुनाव को लेकर रोड मैप तैयार, हुए कई नए इंतजाम
अयोध्या। विधानसभा चुनाव को लेकर जिला प्रशासन की ओर से चुनावी तैयारियों का रोड मैप लगभग तैयार हो गया है। कोरोना संक्रमण को लेकर पहली बार चुनाव आयोग की ओर से नए इंतजाम किए गए हैं जिन्हें लेकर प्रशासन की कसरत जारी है। पहली बार ऐसा है जब बूथ लेवल अफसर बुजुर्गों और दिव्यांगों के …
अयोध्या। विधानसभा चुनाव को लेकर जिला प्रशासन की ओर से चुनावी तैयारियों का रोड मैप लगभग तैयार हो गया है। कोरोना संक्रमण को लेकर पहली बार चुनाव आयोग की ओर से नए इंतजाम किए गए हैं जिन्हें लेकर प्रशासन की कसरत जारी है। पहली बार ऐसा है जब बूथ लेवल अफसर बुजुर्गों और दिव्यांगों के घर-घर जाकर दस्तक दे रहे हैं। वे पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान करेंगे या बूथ तक जाएंगे इसका सहमति पत्र भरवा रहे हैं।
बीएलओ कुछ इस तरह से बुजुर्गों और दिव्यांगों के साथ संवाद कर रहे हैं…बाबू जी नमस्ते, आपकी तबियत कैसी है? मैं बूथ लेवल अफसर हूं, आपसे यह पूछना है कि आप घर से ही मतदान करेंगे या मतदान केन्द्र तक जा सकते हैं? आयोग की ओर से निर्धारित प्रारूप पत्र ऐसे बुजुर्गों और दिव्यांगों से भरवाया जा रहा है। सभी विधानसभाओं में बीएलओ को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है उनके सहयोग के लिए आंगनबाड़ी और आशा बहुओं को भी लगाया गया है।
एडीएम ई सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार बताते हैं कि जिले में अब तक कुल 40 हजार ऐसे बुजुर्ग हैं जो 80 वर्ष से अधिक हैं उन्हें चिन्हित किया गया है और सहमति पत्र भरवाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मतदान से पूर्व जब मतदान कार्मिक पोस्टल बैलेट से वोटिंग करेंगे तभी बुजुर्गों से भी मतदान कराया जाएगा।
इसके लिए एक टीम जायेगी, जिसमें मतदान कार्मिक और फोटोग्राफर भी रहेंगे। पूरी प्रक्रिया गोपनीय और शुचिता के साथ होगी। इतना ही नहीं यदि बुजुर्ग मतदान केंद्र तक जाना चाहते हैं तो उन्हें वहां तक जाने के लिए भी सुविधा दी जाएगी।
48 हजार वोटर कार्ड अभी हैं बांटे जाने
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार कुल साठ हजार वोटर कार्डों का वितरण किया जाना है, जिसमें 12 हजार वोटर कार्ड बांटे जा चुके हैं और 48 हजार अभी प्राप्त होने बाकी हैं। इन वोटर कार्ड के आते ही वितरण किया जाएगा। इसके अलावा जिनके नाम मतदाता सूची में नहीं है वे अभी 27 जनवरी तक फार्म – 6 भर कर नाम दर्ज करा सकते हैं।
विधानसभा चुनाव को लेकर कुल 193 सेक्टर और 25 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। हर विधानसभा क्षेत्र में फ्लाइंग स्कवायड टीमें आठ आठ घंटे की ड्यूटी पर लगाई गई हैं।
निर्वाचन आयोग द्वारा ऑनलाइन पद्धति से नामांकन करने के लिए अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध कराई गई है। ऑनलाइन नामांकन के लिए वेब लिंक सुविधा डॉट ईसीआई डॉट जीओवी डॉट इन पर उपलब्ध है। ऐसे अभ्यर्थी जो ऑनलाइन पद्धति से नामांकन करना चाहते हैं वह दिए गए लिंक के माध्यम से नामांकन पत्र की प्रविष्टि कर सकते हैं। उसका प्रिंट निकाल कर प्रारूप-1 में रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा निर्गत सूचना में इंगित स्थान पर नामांकन दाखिल कर सकते हैं। इसी प्रकार शपथ पत्र भी लिंक के माध्यम से ऑनलाइन भर सकते हैं।
प्रिंट आउट को नोटराइजेशन के पश्चात रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष दाखिल कर सकते हैं। ऑनलाइन पद्धति से नामांकन भरने के उपरांत जमानत राशि को भी ऑनलाइन जमा करने का प्रावधान किया गया है। नामांकन पत्र सफलतापूर्वक सबमिट करने के बाद जमानत धनराशि जमा करने के लिए विकल्प पे पर लिंक दर्शित होगा जिस पर क्लिक करते हुए ऑनलाइन पेमेंट किया जा सकता है।
पढ़ें- केंद्र ने ठुकरायी झांकी, राज्य के आयोजनों में होगी शामिल- एम के स्टालिन
