सरकार बनने पर बीपीएल कार्ड धारकों को प्रतिवर्ष देंगे 18 हजार रुपये पेंशन: अखिलेश
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को सरकार बनने पर फिर से समाजवादी पेंशन योजना शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस बार एक करोड़ जरूरतमंदो, बीपीएल कार्ड धारकों, वृद्धों को प्रतिवर्ष 18 हजार रुपये पेंशन दी जाएगी। पिछली बार सपा सरकार के दौरान 50 लाख महिलाओं को समाजवादी …
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को सरकार बनने पर फिर से समाजवादी पेंशन योजना शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस बार एक करोड़ जरूरतमंदो, बीपीएल कार्ड धारकों, वृद्धों को प्रतिवर्ष 18 हजार रुपये पेंशन दी जाएगी। पिछली बार सपा सरकार के दौरान 50 लाख महिलाओं को समाजवादी पेंशन योजना में छह हजार रुपये वार्षिक का लाभ दिया जा रहा था।
सपा सरकार में खुलवाए गए थे सबसे ज्यादा बैंक खाते: अखिलेश
अखिलेश यादव ने बुधवार को प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारवार्ता में कहा कि सपा सरकार में सबसे ज्यादा बैंक खाते खुलवाए गए थे। खातों में सीधे पैसा पहुंचाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल में वाराणसी, कुशीनगर में मुसहर जाति के गरीब लोगों को लोहिया आवास और पेंशन दी थी। ललितपुर में गरीबों को पेंशन एवं आवास दिया था। लखनऊ में एसजीपीजीआई के पास और कन्नौज में सपेरों को पेंशन और लोहिया आवास दिया। सरकार बनने पर एक्सप्रेस-वे के किनारे सपेरा गांव भी बसाया जाएगा।
300 यूनिट बिजली फ्री देने की घोषणा से घबरा गई बीजेपी
उन्होंने कहा कि जिन परिस्थितियों में इस बार चुनाव हो रहा है उसमें सपा का कोई विकल्प नहीं है। हमने जिन नेताओं को पार्टी में शामिल किया है उनका व्यापक जनाधार है। गठबंधन में जो साथ आए हैं उनके साथ से लड़ाई में मजबूती आएगी। उन्होंने कहा कि सपा ने जैसे ही 300 यूनिट घरेलू बिजली मुफ्त देने की घोषणा की भाजपा घबरा गई।
भाजपा ने साढ़े चार साल जनता की जेब काटी। सरकार ने जो दुगना बिल वसूला क्या उसे वापस करेंगे ? इस अवसर पर उन्होंने अधिवक्ता भानु प्रताप सिंह की पुस्तक अंबेडकरवादी लोहियावादी नए कृषि कानून का सच का विमोचन किया। किसान आंदोलन में शामिल रहे भानु प्रताप ने कहा कि विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी राष्ट्रीय जन संघर्ष पार्टी का सपा से गठबंधन कर भाजपा को हराएंगे।
आजमगढ़ की जनता से अनुमति लेकर लड़ूंगा चुनाव
अखिलेश यादव ने विधानसभा चुनाव में खुद चुनाव लड़ने की अटकलों को विराम लगाते हुए कहा कि वह अगर चुनाव लड़ेंगे तो आजमगढ़ की जनता की अनुमति से ही लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ की जनता ने ही उन्हें लोकसभा में अपना प्रतिनिधि बनाया था इसलिए विधानसभा चुनाव लड़ने के बारे में भी अंतिम फैसला आजमगढ़ की जनता की अनुमति से ही किया जाएगा। पार्टी जहां फैसला लेगी मैं वहां से चुनाव लड़ूंगा।
भाजपा से राष्ट्रवाद का सर्टिफिकेट नहीं चाहिए
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादियों को और मुझे भाजपा से राष्ट्रवाद का सर्टिफिकेट नहीं चाहिए। मैं खुद मिलिट्री स्कूल में पढ़ा हूं। हमारे साथ मिलिट्री स्कूल में पढ़ने वाले कई सीनियर और मित्र आज देश की सीमाओं पर खड़े हैं और देश की रक्षा कर रहे हैं। क्या भाजपा के शीर्ष नेतृत्व बता सकती है कि उनके साथ पढ़ा हुआ कोई देश की सीमाओं पर खड़ा है।
ये भी पढ़ें: लखनऊ: बसपा ने की पहले चरण के 12 प्रत्याशियों की घोषणा, ये रहे नाम…
