पीलीभीत में मतदान बहिष्कार की चेतावनी पर बढ़ी धड़कन, दौड़े अफसर
पीलीभीत,अमृत। एक तरफ प्रशासन 80 प्रतिशत से अधिक मतदान कराने का लक्ष्य बताते हुए लोगों को मतदान के लिए जागरूक करने में जुटा है। तमाम जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराए जा रहे।इन सबके बीच शहर की राजा बाग कॉलोनी के लोगों ने डलावघर की समस्या का समाधान न होने पर मतदान बहिष्कार की चेतावनी दे डाली। …
पीलीभीत,अमृत। एक तरफ प्रशासन 80 प्रतिशत से अधिक मतदान कराने का लक्ष्य बताते हुए लोगों को मतदान के लिए जागरूक करने में जुटा है। तमाम जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराए जा रहे।इन सबके बीच शहर की राजा बाग कॉलोनी के लोगों ने डलावघर की समस्या का समाधान न होने पर मतदान बहिष्कार की चेतावनी दे डाली। इसे लेकर शिकायती पत्र प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को भेज दिया।
मामले की भनक लगने के बाद प्रशासनिक अमले में खलबली मच गई। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, एसडीएम टीम के साथ कॉलोनी में पहुंचे और लोगों से बातचीत कर जानकारी जुटाई। यह भी आरोप लगाया कि नगर पालिका प्रशासन के सामने समस्या को रखा तो कह दिया गया बजट नहीं है। खुद ही चंदा एकत्र कर लो, तो उसी से डलावघर बनवा देंगे।
मामला पूरे शहर में चर्चा का विषय बना रहा। शहर की राजा बाग कॉलोनी के लोगों ने संयुक्त शिकायती पत्र पीएम-सीएम को भेजा था। जिसमें बताया था कि उनकी कॉलोनी में अस्थायी डलावघर बना रखा है। यहां पर कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। आसपास के कई मोहल्लों, दुकान, होटल, प्राइवेट नर्सिंग होम का कूड़ा करकट डाल दिया जाता है।
इसे हटाने की मांग की गई थी। मगर कोई कार्रवाई नहीं की गई। गंदगी की वजह से कॉलोनी के लोगों का निकलना दूभर हो चुका है। बीमारियों के फैलने का भी डर रहता है। बीते दिनों शिकायतों के बाद आश्वासन दिया गया था कि बरहा से रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर निर्माण चल रहा है। इसके पूरा होते ही डलावघर का स्थानान्तरण करा दिया जाएगा।
मगर, निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी डलावघर नहीं हटाया गया। कई अन्य संगीन आरोप भी लगाए गए। यह भी कहा कि अगर समय रहते कॉलोनी गेट से डलावघर नहीं हटाया गया तो मतदान का बहिष्कार करने की चेतावनी दे डाली। इसकी जानकारी लगते ही चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने में जुटे प्रशासन में खलबली मच गई। बृहस्पतिवार शाम को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नूपुर गोयल, सदर विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर एसडीएम अमरिया आशुतोष गुप्ता राजा बाग कॉलोनी पहुंचे और स्थानीय लोगों से बातचीत की। पूरे मामले की जानकारी जुटाई गई।
अधिकारियों ने समस्या का समाधान कराने का आश्वासन देते हुए सभी से चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान करने की अपील की। शिकायत करने वालों में आशा मिश्रा, मुकेश जायसवाल, ओमकार गुप्ता, बलराज सिंह, रवि शुक्ला, सुरेश राठौर, उमेश राठौर, संजय कुमार, मनोज अग्रवाल, राजीव कश्यप, वीरेंद्र कुमार, मुकेश जायसवाल आदि थे।
ये भी पढ़े-
पीलीभीत: बुजुर्ग की जान लेने के बाद अब आवारा कुत्तों ने चार साल की बच्ची पर बोला हमला
