पीलीभीत: डीएम ने पूछा-नगर पालिका वाले जलवाते हैं अलाव, कोई दिक्कत तो नहीं…
अमृत विचार, पीलीभीत। शहर की मुख्य सड़कों पर अचानक अधिकारियों का काफिला आकर रूका और डीएम समेत कई अफसर उतरकर राहगीरों और रेहड़ी-पटरी कारोबारियों की तरफ बढ़े तो सभी की धड़कनें बढ़ गई। जो लोग मास्क नहीं लगाए थे, वह मफलर, रूमाल से मुंह ढकने में जुट गए। उन्हें लगा कि मानों कोविड प्रोटोकॉल के …
अमृत विचार, पीलीभीत। शहर की मुख्य सड़कों पर अचानक अधिकारियों का काफिला आकर रूका और डीएम समेत कई अफसर उतरकर राहगीरों और रेहड़ी-पटरी कारोबारियों की तरफ बढ़े तो सभी की धड़कनें बढ़ गई। जो लोग मास्क नहीं लगाए थे, वह मफलर, रूमाल से मुंह ढकने में जुट गए।
उन्हें लगा कि मानों कोविड प्रोटोकॉल के उल्लंघन की औचक चेकिंग में वह फंस न जाए। मगर, जब डीएम ने सर्दी के बीच अलाव, रैन बसेरा आदि के बारे में सवाल जवाब-जवाब किए। व्यापार में किसी तरह की दिक्कत के बारे में जानकारी जुटाई तो लोगों ने न सिर्फ राहत महसूस की। बल्कि डीएम की कार्यशैली को सराहा। डीएम ने स्थानीय लोगों से फीडबैक लिया और इंतजामों की हकीकत परखी।
पिछले कई दिनों से शीतलहर का प्रकोप तराई इलाके में बना हुआ था। बादलों के बीच चल रही बर्फीली हवाओं ने ठंडक बढ़ा दी थी। नगर पालिका की ओर से सार्वजनिक स्थानों पर अलाव लगवाए जा रहे हैं। कोई सर्दी के बीच सड़क पर न सोए, इसके लिए रैन बसेरा भी बनाया गया है।
इनकी हकीकत परखने के लिए बृहस्पतिवार रात डीएम पुलकित खरे ने शहर के मुख्य मार्गों पर भ्रमण किया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नूपुर गोयल, एसडीएम सदर योगेश गौड़ समेत कई अफसर साथ थे। शहर के रेलवे स्टेशन, रोडवेज, एकता सरोवर, लकड़ी मंडी, बरेली गेट, ड्रमंडगंज चौराहा, गाैहनिया, छतरी चौराहा समेत कई इलाकों में अधिकारियों का काफिला पहुंचते ही खलबली मच गई। चुनाव और कोरोना के बीच अचानक अफसरों का पहुंचने पर लोग हैरत में पड़ गए थे।
ठेलों और सड़क किनारे दुकान लगाए बैठे लोग, रिक्शा चालकों से डीएम ने बात की और अलाव के बारे में जाना। इसमें अलाव लगाए जाने की बात लोगों ने कही। जिस पर नगर पालिका के अफसर-कर्मचारियों ने राहत महसूस की।फिर डीएम ने रैन बसेरा का भी निरीक्षण किया।
डीएम ने बताया कि स्थानीय लोगों से बातचीत कर अलाव व्यवस्था की जानकारी की गई है। लोगों द्वारा नियमित अलाव जलना बताया गया। अधिकारियों को नियमित अलाव जलवाने के कड़े निर्देश दिए हैं। केजीएन कॉलोनी में संचालित रैन बसेरा में भी इंतजाम दुरुस्त रखने को कहा है। कोई भी व्यक्ति बाहर खुले में मिले तो उसे तत्काल रैन बसेरे में पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
एकता सरोवर पार्क में भी पहुंचे डीएम
पिछले साल डीएम ने शहर के चौराहों के साथ ही पार्कों का भी सौंदर्यीकरण कराया था। जिसके बाद से शहर के सालों से बदहाल पार्कों में रौनक बढ़ी है। भ्रमण के दौरान डीएम एकता सरोवर पार्क भी पहुंचे। वहां लगाए गए झूले, नाव आदि को देखा। आसपास के इलाकों में सफाई दुरुस्त कराने के निर्देश नगर पालिका ईओ को दिए। साथ ही पार्क की व्यवस्था संभालने वालों से भी बातचीत की।
बोले- कोविड की वैक्सीन लगाई, वोट बनवाया
अलाव और रैन बसेरा के निरीक्षण के दौरान सड़क पर मिलने वाले युवाओं से भी डीएम ने बात की। कोरोना महामारी को लेकर जागरूक किया। पूछा कि कोविड वैक्सीन लगवा ली या नहीं। अगर नहीं लगवाई है तो देरी न करें। इसके अलावा मतदान का भी युवाओं को महत्व बताया। पूछा कि वोट बना है या नहीं। वहीं, कारोबार और परिवार के भरण पोषण में किसी तरह की दिक्कतों पर भी बात की और आश्वस्त किया।
ये भी पढ़े-
बरेली: प्लाईवुड व्यापारी की धारदार हथियार से हत्या, शव को कार में ही छोड़ा
