हल्द्वानी: न्यू इंडिया के नाम पर ऐतिहासिक धरोहरों से छेड़छाड़ कर रही केंद्र सरकार: जरिता लैतफलांग
अमृत विचार, हल्द्वानी। कांग्रेस ने पिछले 50 सालों से अनवरत जल रही अमर जवान ज्योति को बुझाने और शिफ्ट करने का विरोध किया है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर न्यू इंडिया के नाम पर ऐतिहासिक धरोहरों से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। शुक्रवार को स्वराज आश्रम में हुई पत्रकार वार्ता में कांग्रेस की राष्ट्रीय …
अमृत विचार, हल्द्वानी। कांग्रेस ने पिछले 50 सालों से अनवरत जल रही अमर जवान ज्योति को बुझाने और शिफ्ट करने का विरोध किया है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर न्यू इंडिया के नाम पर ऐतिहासिक धरोहरों से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है।
शुक्रवार को स्वराज आश्रम में हुई पत्रकार वार्ता में कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता जरिता लैतफलांग ने कहा कि अमर जवान ज्योति पिछले 50 सालों से अनवरत जल रही है। यह ज्योति देश के सैनिकों के शौर्य, साहस, बलिदान एवं स्वाभिमान का प्रतीक है लेकिन उसे बुझा दिया जाएगा। इंडिया गेट पर 50 वर्षों से स्थापित इस अमर ज्योति का नया पता अब वॉर मैमोरियल होगा। यह राजा की मनमानी की कहानी दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के घर से न कोई किसान है और न कोई जवान। इसलिए वह शहीदों के परिजनों का दर्द नहीं समझ सकते हैं। वह न्यू इंडिया के नाम पर देश की ऐतिहासिक धरोहरों से छेड़छाड़ कर रहे हैं इसका कांग्रेस सड़क से सदन तक पुरजोर विरोध करेगी। लैतफलांग ने कहा कि अमर जवान ज्योति को विस्थापित करने का उद्देश्य सिर्फ सेंट्रल विस्टा का निर्माण करना है। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल, महानगर अध्यक्ष राहुल छिमवाल , केदार पलड़िया आदि रहे।
