हल्द्वानी: वीआईपी नंबर की इनोवा कार से मिले दो लाख
हल्द्वानी, अमृत विचार। आचार संहिता का उल्लंघन कर ले जाई जा रही दो लाख की रकम पुलिस ने एक वीआईपी नंबर की कार से बरामद की है। पुलिस ने कार मालिक से जब रुपयों के बारे में पूछा तो वह कुछ नहीं बता सका। एसएसपी पंकज भट्ट की सख्ती के बाद जिले के सभी 13 …
हल्द्वानी, अमृत विचार। आचार संहिता का उल्लंघन कर ले जाई जा रही दो लाख की रकम पुलिस ने एक वीआईपी नंबर की कार से बरामद की है। पुलिस ने कार मालिक से जब रुपयों के बारे में पूछा तो वह कुछ नहीं बता सका।
एसएसपी पंकज भट्ट की सख्ती के बाद जिले के सभी 13 बैरियर पर सघन चेकिंग चल रही है। इसी के तहत काठगोदाम थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक के नेतृत्व में चौकी मल्ला काठगोदाम के बैरियर चेकिंग पर एक इनोवा कार की तलाश ली गई। इस दौरान कार के डैशबोर्ड के अन्दर एक पॉलीथिन में रखे दो लाख रुपये पुलिस ने बरामद किए। इसमें 500 के 240 नोट, 200 के 100 नोट व 100 रुपये के 600 नोट थे।
जब वाहन मालिक लोहरियासाल मल्ला मुखानी निवासी राजेश रावत उक्त रुपयों के बारे में पूछा गया तो वह कुछ नहीं बता सका। इसके बाद पुलिस ने रुपयों को सील कर दिया और इसकी सूचना इनकम टैक्स विभाग को दी।
थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक ने बताया कि रुपयों के संबंध में जांच इनकम टैक्स करेगा। पुलिस टीम में एसआई लता खत्री, एसआई विरेन्द्र चन्दर, का. चेतना मटियाल, का. रमेश काला, का. रवि कुमार, एसएसटी टीम मल्ला काठगोदाम प्रभारी शिव सिंह डांगी, डिप्टी रेंजर तराई पूर्वी, वन दरोगा दीप चन्द्र पाण्डेय, हेड क्लर्क डेयरी डिपार्टमेंट थे।
मुश्किल में डाल सकती है 50 हजार से ज्यादा की रकम
हल्द्वानी। आचार संहिता के दौरान 50 हजार रुपये से ज्यादा रकम लेकर सफर करना आपको मुश्किल में डाल सकता है। 50 हजार रुपये से अधिक का हिसाब देना होगा। पकड़े जाने पर यदि आप हिसाब न दे पाए तो पुलिस आपकी सारी रकम जब्त कर लेगी और फिर इनकम टैक्स इन रुपयों के बारे में जानकारी जुटाएगा।
