UP Assembly elections 2022: टिकट का ऐलान होते सपा में भूचाल, रिजवान ठोकेंगे ताल
आशुतोष मिश्र/अमृत विचार। दम-खम के साथ मैदान में उतरी सपा आंतरिक जंग से जूझ रही है। सभी विधानसभाओं के टिकट घोषित होते ही पार्टी में बगावत की स्थिति उत्पन्न हो गई हैं। दो विधायक आलाकमान के निर्णय से गुस्से में हैं। जिसमें एक ने बगावत का ऐलान कर दिया है, दूसरे उस राह पर है। …
आशुतोष मिश्र/अमृत विचार। दम-खम के साथ मैदान में उतरी सपा आंतरिक जंग से जूझ रही है। सभी विधानसभाओं के टिकट घोषित होते ही पार्टी में बगावत की स्थिति उत्पन्न हो गई हैं। दो विधायक आलाकमान के निर्णय से गुस्से में हैं। जिसमें एक ने बगावत का ऐलान कर दिया है, दूसरे उस राह पर है। शहर सीट पर पूर्व विधायक हाजी यूसुफ अंसारी के टिकट का विरोध शुरू है। जबकि देहात के विधायक हाजी इकराम कुरैशी की जगह मीट कारोबारी हाजी नासिर की उम्मीदवारी से विधायक समर्थक गुस्से में हैं। अलबत्ता ठाकुरद्वारा के विधायक नवाब जान खान अपना सीट बचा ले गए हैं और बिलारी के विधायक मोहम्मद फहीम को तीसरी बार मौका मिला है। जीत का हैट्रिक लगाने वाले कुंदरकी

विधायक हाजी रिजवान का पार्टी ने टिकट काट दिया है। यहां से संभल के सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क के पोते जियाउर्रहमान बर्क को मैदान में उतारा है। कांठ से दावेदार अनीसुर्रहमान सैफी का दावा खारिज कर पार्टी ने पूर्व मंत्री कमाल अख्तर को मौका दिया है। 2017 का चुनाव कमाल अख्तर हसनपुर से हार गए थे। ऐन वक्त पर उन्हें कांठ सीट पर उतारा गया है। पार्टी के निर्णय को लेकर शहर, देहात, कांठ और कुंदरकी में विरोध प्रदर्शन शुरू है।
देहात के विधायक हाजी इकराम कुरैशी नेतृत्व के निर्णय से दुखी हैं। कहते हैं कि 28 साल से पार्टी की सेवा कर रहा हूं। मेरी जगह मीट कारोबारी का चयन वाजिब नहीं है। वह कहते हैं कि यह निर्णय हमें मंजूर नहीं है। जल्द कार्यकर्ताओं की बैठक में रणनीति का खुलासा करूंगा। उधर, कुंदरकी के विधायक हाजी रिजवान का कहना है कि मैं पार्टी के इस निर्णय के खिलाफ जनता की अदालत में जाऊंगा। उन्होंने कहा कि मुझे पार्टी ने मनाने की बहुत कोशिश की गई। लेकिन, मेरे ऊपर इसका कोई असर नहीं है। एक से दो दिन में ऐलान कर दूंगा। हाजी रिजवान का कहना है कि उन्होंने जनता की सेवा की है। हर हाल में चुनाव मैदान में रहेंगे। वह कहते हैं कि जल्द ही दल का ऐलान करेंगे। जबकि पार्टी जिलाध्यक्ष डीपी यादव कहते हैं कि पार्टी सरकार बनाने के लिए मैदान में है।
