मुरादाबाद : यूपी टेट में 30144 ने आजमाई किस्मत, 4213 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। रविवार को उत्तर प्रदेश अध्यापक पात्रता परीक्षा (यूपी टेट) 39 केंद्रों पर हुई। 34357 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। पहली पाली में 19862 में से 17594 और दूसरी पाली में 14495 में से 12550 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। 4213 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी। पहली पाली में सुबह 10 से दोपहर 12:30 तक प्राथमिक स्तर …

मुरादाबाद, अमृत विचार। रविवार को उत्तर प्रदेश अध्यापक पात्रता परीक्षा (यूपी टेट) 39 केंद्रों पर हुई। 34357 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। पहली पाली में 19862 में से 17594 और दूसरी पाली में 14495 में से 12550 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। 4213 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी। पहली पाली में सुबह 10 से दोपहर 12:30 तक प्राथमिक स्तर और दूसरी पाली में 29 केंद्रों पर उच्च प्राथमिक की दोपहर 2:30 से शाम 5 बजे तक परीक्षा चली।

परीक्षार्थी सुबह से केंद्रों पर बारिश में भीगते हुए पहुंचे। पूर्व में 28 नवंबर को परीक्षा हुई थी, लेकिन पेपर लीक होने पर परीक्षा शुरू होने के 20 मिनट बाद ही रद कर दिया गया था। परीक्षार्थी मीनाक्षी ने कहा कि धुकधुकी बनी थी कि इस बार भी परीक्षा रद न हो जाए। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरुण दुबे ने बताया कि प्रवेश से पहले परीक्षार्थियों के इलेक्ट्रानिक उपकरण जमा कराए गए।

कहा कि स्ट्रेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट व पर्यावेक्षक समय-समय पर केंद्रों का जायजा लेते रहे। परिवहन निगम के एआरएम सोमपाल सिंह ने बताया कि 82 अभ्यर्थी बस से निशुल्क यात्रा कर परीक्षा देने आए। 160 निशुल्क यात्रा कर वापस गए। डीएम शैलेंद्र सिंह ने कई केंद्रों का जायजा लिया।

बारिश की वजह से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रश्न पत्र काफी आसान आए थे।- निहारिका वर्मा, परीक्षार्थी, काशीपुर

बारिश के कारण दिक्कतों का करना पड़ा सामना
शहर में सुबह से बारिश होती रही, जिससे जगह-जगह सड़कों पर जलभराव हो गया। इसके चलते परीक्षार्थियों को केंद्रों को ढूंढ़ने व पहुंचने में काफी समस्या हुई। हालांकि जो परीक्षार्थी अपने साधन से आए थे, उन्हें ज्यादा समस्या नहीं हुई। बस व ट्रेन से आने वाले परीक्षार्थियों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

कोरोना पॉजिटिव अभ्यर्थी की परीक्षा देने की भी थी व्यवस्था
कोरोना संक्रमण को देखते हुए सरकार ने कोरोना पॉजिटिव परीक्षार्थियों के लिए अलग कक्ष की व्यवस्था की थी। डॉ. अरुण कुमार दुबे ने बताया कि ऐसा कोई भी बच्चा परीक्षा देने नहीं आया।

हिंदी व चाइल्ड लाइन से जुड़े प्रश्नों ने फंसा दिया था। इस बार भी परीक्षा रद होने का डर था। -रितु चौधरी, परीक्षार्थी, काशीपुर

बारिश और परीक्षा ने बिगाड़ी यातायात व्यवस्था, लोग परेशान
रविवार को यूपी टेट के मद्देनजर महानगर की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह से धड़ाम हो गई। पुलिस द्वारा बनाया रूट डायवर्जन और नो इंट्री का प्लान आफत बन गई। बारिश ने मुश्किलें और बढ़ा दीं। दिल्ली व कांठ रोड की ओर जाने वाले यात्रियों को दोपहर से ही जाम का सामना करना पड़ा।

पीलीकोठी और फव्वारे के बीच जाम इस कदर था कि चंद मिनट की दूरी तय करने में लोग हांफ गए। बारिश के बीच लगे जाम के कारण देर शाम तक महानगर की सड़कों पर वाहन रेंग-रेंगकर चलते नजर आए। रविवार को महानगर के 39 केंद्रों में यूपी टेट में 34,375 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। परीक्षा संपन्न कराने में जुटे अधिकारियों का मानना था कि करीब 50 हजार से अधिक लोग परीक्षा के दौरान महानगर में आएंगे। लिहाजा, दो पालियों में होने वाली परीक्षा के तहत दिल्ली व कांठ रोड का रूट डायवर्ट कर दिया गया था।

दोपहर दो बजे के बाद कांठ व बिजनौर की ओर से आने वाली सभी बसों को किला तिराहे पर रोक दिया गया था। इसी तरह रामपुर-बरेली की ओर से आने वाली बसों को हनुमान मूर्ति, दिल्ली व सम्भल की ओर से आनी वाली बसों को आजादनगर मोड़ पर रोक दिया गया था।

तैनात रही फोर्स, देर शाम यातायात हुआ सामान्य
परीक्षा और रूट डायवर्जन को लेकर रविवार की सुबह से ही पुलिस अलर्ट थी। सभी प्रमुख चौराहों के अलावा परीक्षा केंद्रों के बाहर फोर्स तैनात कर दी गई थी। हालांकि सुबह से होने वाली बारिश ने पुलिस के समीकरण बिगाड़ दिए। दोपहर होते-होते महानगर की प्रमुख सड़कें जाम की गिरफ्त में आने लगी। खासतौर पर दिल्ली व कांठ रोड पर लंबा जाम लगने लगा।

दूसरी पाली की परीक्षा छूटने के बाद जब सड़कों पर भीड़ उतरी तो हालात बेकाबू हो गए। कटघर थाने, इंपीरियल तिराहा, रेलवे स्टेशन के सामने, फव्वारा चौक और लाकड़ी फाजल तक वाहनों की कतार लगने लगी। इधर कांठ रोड पर पीलीकोठी, पीएसी और हरथला के पास कई बार लोग जाम में फंस गए। पीलीकोठी से फव्वारा चौक के बीच की दूरी तय करने में राहगीर बेहाल हो गए। इधर, बसों की नो इंट्री होने के कारण एक अदद साधन के लिए राहगीर बारिश में इधर से उधर भागते नजर आए। देर शाम किसी तरह से पुलिस ने दोनों मार्ग का रूट क्लीयर करवाया।

 

संबंधित समाचार