लखीमपुर-खीरी: दोनों पालियों में 2078 अभ्यर्थियों ने छोड़ी टीईटी परीक्षा
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। रविवार को जिले के 23 परीक्षा केंद्रों पर टीईटी परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दो पालियों में संपन्न हुई। हालांकि कई परीक्षाकेंद्रों पर अव्यवस्थाओं के कारण परीक्षार्थियों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ी। परीक्षा छूटने के बाद शहर में जाम की स्थिति बन गई। रोडवेज बसों में सीटों को लेकर मारामारी मची …
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। रविवार को जिले के 23 परीक्षा केंद्रों पर टीईटी परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दो पालियों में संपन्न हुई। हालांकि कई परीक्षाकेंद्रों पर अव्यवस्थाओं के कारण परीक्षार्थियों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ी। परीक्षा छूटने के बाद शहर में जाम की स्थिति बन गई। रोडवेज बसों में सीटों को लेकर मारामारी मची रही। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने परीक्षा केंद्र जीआईसी, स्वामी श्याम प्रकाश इंटर कॉलेज समेत कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। संबंधित को जरूरी निर्देश दिए।
डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने राजकीय इंटर कॉलेज पहुंचकर शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) का जायजा लिया। वहां मौजूद केंद्र व्यवस्थापक/जीआईसी के प्रधानाचार्य, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं तैनात पुलिसकर्मियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा छूटने के समय व्यवस्थित ढंग से परीक्षा केंद्र के गेटों से परीक्षार्थियों को निकाला जाए। जीआईसी प्रिंसिपल से परीक्षा हेतु उनके केंद्र पर आवंटित अभ्यर्थियों के सापेक्ष उपस्थिति जानी। इसके बाद वह स्वामी श्याम प्रकाश इंटर कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने एक-एक परीक्षा कक्षों का बारीकी से निरीक्षण किया।
डीएम ने शिक्षक पात्रता परीक्षा के अन्य परीक्षा केंद्र भी देखे। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को जरूरी निर्देश दिये। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट ने भ्रमणशील रहकर अपने सेक्टर के सभी परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया। एडीएम संजय सिंह ने डीआईओएस ओम प्रकाश त्रिपाठी के साथ परीक्षा केंद्र आर्यकन्या इंटर कॉलेज, आर्यकन्या डिग्री कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज, स्वामी श्याम प्रकाश इंटर कॉलेज, पीके इंटर कॉलेज देखें। डीआईओएस ओपी त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम पाली में पंजीकृत 12698 बच्चों के सापेक्ष 11529 बच्चों ने परीक्षा दी। वहीं 1169 बच्चों ने परीक्षा छोड़ी। वहीं दूसरी पाली में पंजीकृत 8035 बच्चों के सापेक्ष 7126 बच्चों ने परीक्षा दी। वही 909 बच्चों ने परीक्षा छोड़ी।
