सैयद मोदी बैडमिंटन चैंपियनशिप: पीवी सिंधु बनी चैंपियन, खिताबी सूखा किया दूर…

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। ओलंपिक की दो बार की पदक विजेता भारतीय स्टार शटलर पीवी सिंधु ने नवाबों की नगरी में 2022 का पहला खिताब जीता। पीवी सिंधु ने हमवतन मालविका के खिलाफ जीत से सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप एचएसबीसी वर्ल्ड टुअर सुपर 300 में महिला एकल का खिताब जीत लिया है। पीवी सिंधु ने 2019 …

लखनऊ। ओलंपिक की दो बार की पदक विजेता भारतीय स्टार शटलर पीवी सिंधु ने नवाबों की नगरी में 2022 का पहला खिताब जीता। पीवी सिंधु ने हमवतन मालविका के खिलाफ जीत से सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप एचएसबीसी वर्ल्ड टुअर सुपर 300 में महिला एकल का खिताब जीत लिया है।

पीवी सिंधु ने 2019 में जीती थी बैडमिंटन चैंपियनशिप…

वर्ष 2019 वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप में खिताबी जीत दर्ज करने के बाद सिंधु ने कई मुकाबलों में हिस्सा लिया लेकिन फाइनल तक का सफर नहीं तय कर पाई। इस साल ही दिल्ली में आयोजित हुए इंडिया ओपन में भी वह फाइन तक नहीं पहुंच पाई थी। तकरीबन दो साल से चल रहे खिताबी सूखे को पीवी सिंधु ने आज जाकर दूर किया। गोमती नगर स्थित बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में आयोजित हुई इस चैंपियनिशप में कोरोना संक्रमण के चलते पुरुष एकल का फाइनल मुकाबला नहीं खेला जा सका।

मिक्स डबल्स में ईशान व तनीषा की जोड़ी बनी चैंपियन

1,50,000 अमेरिकी डॉलर की ईनामी राशि वाली चैंपियनशप में रविवार को महिला एकल के फाइनल में पीवी सिंधु ने 35 मिनट चले मैच में 21-13, 21-16 से जीत दर्ज की। पीवी सिंधु के बाद मिक्स डबल्स में ईशान क्रेस्टो व तनीषा भटनागर की जोड़ी चैंपियन बनी जबकि महिला डबल्स में भारत की त्रिशा जॉली व गायत्री गोपीचंद और पुरुष युगल में कृष्णा प्रसाद गार्गा व विष्णुवर्द्धन गौड़ को उपविजेता रहकर संतोष करना पड़ा।

पीवी सिंधु को मिला लंबाई का बड़ा लाभ 

महिला एकल के फाइनल में नागपुर की बीस साल की खिलाड़ी मालविका के खिलाफ टॉप वरीय पीवी सिंधु ने अपनी लंबाई का फायदा उठाते हुए कई शानदार स्मैश शॉट भी खेले। पहले गेम में पीवी सिंधु ने 7-0 की बढ़त बनाई। इसके बाद मालविका ने भी एक अंक जुटाया लेकिन अगली सर्विस पर वापसी करते हुए पीवी सिंधु ने ब्रेक तक 11-1  की बढ़त बनाए रखी। ब्रेक के बाद विश्व रैकिंग में नंबर सात पीवी सिंधु ने शानदार कोर्ट कवरेज का सहारा लिया और अंक जुटाने शुरू किए।

हालांकि विश्व रैकिंग में 84वें नंबर की खिलाड़ी मालविका ने भी कुछ उम्दा शॉट खेलकर अंक हासिल किए। पीवी सिंधु जब 17-8 से आगे थी तभी मालविका ने लगातार तीन अंक जुटाए। हालांकि इसके बाद पीवी सिंधु ने लगातार तीन अंक जुटाते हुए 20-11 के स्कोर पर गेम प्वाइंट बनाया लेकिन अगली सर्विस पर मालविका ने न सिर्फ गेम प्वाइंट बचाया बल्कि बेहतरीन शॉट से एक अंक बनाते हुए स्कोर 20-13 किया। हालांकि इसके बाद पीवी सिंधु ने प्रतिद्वंद्वी को बिना कोई मौका दिए अंक जुटाकर 21-13 से जीत दर्ज की।

दूसरे गेम में पी सिंधु के शुरुआती अंक जुटाने के बाद मालविका ने बराबरी की। हालांकि इसके बाद सिंधु हावी हो गई। पीवी सिंधु ने ब्रेक तक 11-4 की बढ़त बनाई। हालांकि इसके बाद टूर्नामेंट में गैर वरीय मालविका ने पीवी सिंधु को कड़ी टक्कर देते हुए कई उम्दा शॉट खेले। पीवी सिंधु ने 13-8 के स्कोर के बाद पहले 17-11 और फिर 19-14 और 19-15 की बढ़त बनाई। पीवी सिंधु ने इसके बाद गेम प्वाइंट बनाते हुए स्कोर 20-15 किया। हालांकि मालविका ने गेम प्वाइंट बचाया लेकिन अगली ही सर्विस पर पीवी सिंधु ने गेम प्वाइंट बचा लिया।

सिंधु का सैयद मोदी बैडमिंटन टूर्नामेंट में ये है दूसरा खिताब

पीवी सिंधु का सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल बैडमिंटन टूर्नामेंट में दूसरा खिताब है। इससे पहले पीवी सिंधु ने 2017 में इस चैंपियनशिप का खिताब जीता था। इसके साथ ही पीवी सिंधु ने अपना खिताबी सूखा भी खत्म कर लिया है। पीवी सिंधु ने इससे पहले विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप 2019 में महिला एकल खिताब जीता था जबकि टोक्यो ओलंपिक-2020 में उन्होंनें कांस्य पदक जीता था।

इस टूर्नामेंट से पहले मालविका भनसोड ने हाल ही में दिल्ली में हुए इंडिया ओपन में दिग्गज साइना नेहवाल को हराकर सनसनी फैलाई थी। दूसरी ओर पीवी सिंधु और मालविका के बीच इससे पहले साल 2019 में नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशप के दौरान मुकाबला हुआ था जिसमें पीवी सिंधु ने 21-11, 21-13 से जीत दर्ज की थी। मालविका अभी तक प्रतिष्ठित सुदीरमन कप और उबेर कप में खेल चुकी है।

इसके अलावा मिक्स डबल्स का खिताब सातवीं वरीय भारत के ईशान भटनागर व तनीषा क्रेस्टो  ने  हमवतन टी.हेम नागेंद्र बाबू व श्रीवेदा गुरजादा (भारत) को 21-16, 21-12 से हराकर जीता। महिला युगल का खिताब आठवीं वरीय मलेशिया के अन्ना चिंग यिक चेओंग व टेयो मेई झिंग की जोड़ी ने सातवीं वरीय भारत की त्रिशा जॉली व गायत्री गोपीचंद को 21-12, 21-13 से हराकर जीता।

दूसरी ओर पुरुष एकल का फाइनल मुकाबला फ्रांस के अर्नाड मर्केल और लुकास क्लेयरबाउट के बीच खेला जाना था। लेकिन अर्नाड मर्केल की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव निकल गयी जिससे यह मैच निरस्त करना पड़ा।

चैंपियनशिप के समापन व पुरस्कार वितरण समारोह में जस्टिस एआर मसूदी ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश बैडमिंटन संघ के चेयरमैन विराज सागर दास, उत्तर प्रदेश बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष डा.नवनीत सहगल, अलका दास (चेयरपर्सन बीबीडी ग्रुप), डाॅ.वंदना सहगल (प्रिसिंपल, गर्वनमेंट आर्किटेक्टचर कॉलेज), सोनाक्षी दास (उपाध्यक्ष, बीबीडी ग्रुप) और आनंद सिंह (स्टेट हेड, अदानी ग्रुप) ने विजेताओं व उपविजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए।

फाइनल मैच का परिणाम

मिश्रित युगल : सातवीं वरीय ईशान भटनागर व तनीषा क्रेस्टो (भारत) ने टी.हेम नागेंद्र बाबू व श्रीवेदा गुरजादा (भारत) को 21-16, 21-12 से हराया।

महिला एकल: शीर्ष वरीय पीवी सिंधु (भारत) ने मालविका भनसोड (भारत) को 21-13, 21-16 से हराया।

 महिला युगल: आठवीं वरीय अन्ना चिंग यिक चेओंग व टेयो मेई झिंग (मलेशिया) ने सातवीं वरीय त्रिशा जॉली व गायत्री गोपीचंद को 21-12, 21-13 से हराया।

 पुरुष युगल: आठवीं वरीय मान वेई चांग व केई वून तेई (मलेशिया) ने छठीं वरीय कृष्णा प्रसाद गार्गा व विष्णुवर्द्धन गौड़ पंजाला (भारत) को 21-18, 21-15 से हराया।

ये भी पढ़ें: लखनऊ: कांग्रेस ने किया बसपा प्रमुख पर पलटवार, मायावती के लिए कह दी बड़ी बात…

संबंधित समाचार