लखनऊ: कोहरे से दो सड़क हादसों का गवाह बनी राजधानी, दो की मौत, छह घायल
लखनऊ। राजधानी में कोहरे के कारण ठंड का प्रकोप तो बरकरार है ही, साथ ही सड़क पर सुरक्षित गुजरना भी मुश्किल हो गया है। सोमवार सुबह घने कोहरे के कारण राजधानी दो बड़े सड़क हादसों का गवाह बनी। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गोसाईगंज थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। जिसमें …
लखनऊ। राजधानी में कोहरे के कारण ठंड का प्रकोप तो बरकरार है ही, साथ ही सड़क पर सुरक्षित गुजरना भी मुश्किल हो गया है। सोमवार सुबह घने कोहरे के कारण राजधानी दो बड़े सड़क हादसों का गवाह बनी। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गोसाईगंज थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। जिसमें स्कूटी सवार दो लोगों की मौत हो गई।
इधर, मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के खुजौली तिराहे पर डीसीएम के टक्कर मारने से एक लोड़र अनियंत्रित होकर मिठाई दुकान में घुस गया, जिससे दुकान में बैठे छह लोग घायल हो गये।
घने कोहरे के कारण कार से भिड़ी स्कूटी
मिली जानकारी के अनुसार प्लंबर का काम कर घर लौट रहे नगराम थानांतर्गत करोरवा गांव निवासी शुभम साहू (23) व रंजीत वर्मा (25) अपनी स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गोसाईगंज थानांतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के घने कोहरे के बीच विपरीत दिशा से आ रही एक तेज गति की कार ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे दोनों बुरी तरह घायल हो गये। राहगीरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचा, पर डॉक्टरों ने जांचते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डीसीएम ने लोडर को मारी टक्कर, छह लोग हुए घायल
वहीं, निलमथा की ओर से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने मोहनलालगंज के खुजौली तिराहे पर एक लोडर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि लोड़र करीब 10 मीटर तक घसिटते हुए समीप की एक मिठाई दुकान व खुजौली पुलिस चौकी में जाकर घुस गया। जिसमें छह लोग घायल हो गये। इनमें से गंभीर रूप से घायल सूरज और पवन को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया, जबकि शेष को मलहम-पट्टी करके छोड़ दिया गया।
ये भी पढ़ें: बरेली: सपा के पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार और राजेश अग्रवाल ने किया नामांकन
