यूपी चुनाव-2022: तीसरे चरण के लिए जारी हुई अधिसूचना, जानें खास बातें…

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में तीसरे चरण के मतदान वाली 59 सीटों पर नामांकन प्रक्रिया शुरु करने के लिये चुनाव आयोग ने मंगलवार को अधिसूचना जारी कर दी। इसके साथ ही 16 जिलों की इन 59 सीटों पर चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिये नामांकन प्रक्रिया शुरु हो गयी। तीसरे चरण के …

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में तीसरे चरण के मतदान वाली 59 सीटों पर नामांकन प्रक्रिया शुरु करने के लिये चुनाव आयोग ने मंगलवार को अधिसूचना जारी कर दी। इसके साथ ही 16 जिलों की इन 59 सीटों पर चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिये नामांकन प्रक्रिया शुरु हो गयी।

तीसरे चरण के लिए 16 जिलों की 59 सीटें की गई हैं शामिल

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला की ओर से जारी अधिसूचना में तीसरे चरण के दौरान होने वाले मतदान में 16 जिलों की 59 विधान सभा सीटें शामिल की गयी हैं। इनमें 15 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। तीसरे चरण के मतदान वाले जिलों में हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, मैनपुरी, फर्रूखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर, एवं महोबा जिले शामिल हैं।

गौरतलब है कि गत 05 जनवरी को प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार तीसरे चरण में कुल 2 करोड़ 15 लाख 75 हजार 430 मतदाता हैं। इसमें 1 करोड़ 16 लाख 12 हजार 10 पुरूष मतदाता और 99 लाख 62 हजार 324 महिला मतदाताओं के अलावा 1,096 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल हैं। अधिसूचना के अनुसार तीसरे चरण की इन सीटों पर 20 फरवरी को सुबह सात बजे से सायं छह बजे तक मतदान होगा।

इसके अनुसार तीसरे चरण का नामांकन 25 जनवरी को अधिसूचना जारी होने के साथ ही शुरु हो गया। नामांकन की अन्तिम तिथि एक फरवरी है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 2 फरवरी को होगी तथा नाम वापसी की अंतिम तिथि 4 फरवरी निर्धारित की गयी है। तीसरे चरण का मतदान 20 फरवरी (रविवार) को सम्पन्न होगा तथा 10 मार्च को मतगणना होगी।

तीसरे चरण के लिए इन विधानसभा सीटों के लिए शुरू होगा नामांकन

मंगलवार से तीसरे चरण की जिन 59 विधान सभा सीटों के लिये नामांकन शुरु होगा, उनमें हाथरस (सु), सादाबाद़, सिकन्दरा राऊ, टूण्डला (सु), जसराना, फिरोजाबाद, शिकोहाबाद, सिरसागंज, कासगंज, अमॉपुर, पटियाली, अलीगंज, एटा, मारहरा, जलेसर (सु), मैनपुरी, भोगांव, किशनी (सु), करहल, कायमगंज (सु), अमृतपुर, फर्रूखाबाद, भोजपुर, छिबरामऊ, तिर्वा, कन्नौज (सु), जसवन्तनगर, इटावा, भरथना (सु), बिधूना, दिबियापुर, औरैया (सु), रसूलाबाद (सु), अकबरपुर-रनिया, सिकन्दरा, भोगनीपुर, बिल्हौर (सु), बिठूर, कल्याणपुर, गोविन्दनगर, सीसामऊ, आर्यनगर, किदवई नगर, कानपुर कैण्टोनमेंट, महराजपुर, घाटमपुर (सु), माधौगढ़, कालपी, उरई (सु), बबीना, झांसी नगर, मऊरानीपुर (सु), गरौठा, ललितपुर, महरौनी (सु), हमीरपुर, राठ (सु), महोबा एवं चरखारी विधान सभा सीट शामिल हैं।

ये भी पढ़ें: लखनऊ: कोरोना संक्रमण प्रसार में कमी जारी, दैनिक व सक्रिय मामले भी हुए कम…

संबंधित समाचार