रायबरेली शराब कांड के बाद अयोध्या में आबकारी व पुलिस विभाग की टूटी नींद, कच्ची शराब के ठिकानों पर दी दबिश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। रायबरेली में जहरीली शराब कांड के बाद अब यहां भी आबकारी और पुलिस विभाग की नींद टूटी है। रायबरेली कांड के बाद सतर्क हुए आबकारी विभाग की ओर से कच्ची शराब के ठिकानों पर दबिश देने का काम शुरू कर दिया गया है। वहीं दुकानों की तलाशी ली जा रही है। विधानसभा चुनाव को …

अयोध्या। रायबरेली में जहरीली शराब कांड के बाद अब यहां भी आबकारी और पुलिस विभाग की नींद टूटी है। रायबरेली कांड के बाद सतर्क हुए आबकारी विभाग की ओर से कच्ची शराब के ठिकानों पर दबिश देने का काम शुरू कर दिया गया है। वहीं दुकानों की तलाशी ली जा रही है। विधानसभा चुनाव को देखते हुए भी अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। कच्ची शराब के हब कहे जाने वाले मांझा और मड़ना इलाके में पुलिस की मदद से छापेमारी का दावा विभाग की ओर से किया जा रहा है।

गौरतलब हो कि रायबरेली में जहरीली शराब पीने से दस लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों बीमार हैं। इस घटना के बाद आबकारी आयुक्त की ओर से सभी जिला आबकारी अधिकारियों को बड़े पैमाने पर छापेमारी के निर्देश दिए गए हैं, जिसके चलते गुरुवार को यहां विभाग की तंद्रा टूटी और टीमों के गठन कर छापेमारी कराई जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी अतुल चंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि शासन ने रायबरेली की घटना को संज्ञान में लेते हुए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

उन्होंने बताया कि एसडीएम और सीओ के नेतृत्व में पांच टीमों का गठन कर बड़े पैमाने पर छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है। सभी तहसीलों में ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस विभाग के सहयोग से अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दो आबकारी निरीक्षकों को दबिश और तीन को दुकानों की चेकिंग के लिए लगाया गया है। किसी भी दुकान में संदिग्ध शराब मिली तो जांच रिपोर्ट आने तक उसे बंद कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि वे स्वयं चेकिंग अभियान में लगे हुए हैं।

जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। विधानसभा चुनाव को देखते हुए भी सतर्कता बरती जा रही है। खासकर कच्ची शराब के गढ़ माने जाने वाले इलाकों में जनसहयोग से मदद लेकर नजर रखी जा रही है। अभी तक डेढ़ सौ दुकानों की चेकिंग की गई है जहां स्टाक दुरुस्त पाया गया। उन्होंने बताया कि यदि कहीं संदेहास्पद शराब पाई जाती है तो उसे जांच के लिए भी भेजा जाएगा। इसके अलावा सभी अनुज्ञापियों को निर्देश दिए वे स्वयं भी सतर्क रहे यदि कोई लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

पंचायत चुनाव में गोसाईगंज में हुई थी दो मौतें

पंचायत चुनाव के दौरान गोसाईगंज कस्बे में दो लोगों की जहरीली शराब से मौत हुई थी। एक अप्रैल को हुई इस घटना के बाद कुछ दिनों के लिए अभियान चला फिर सब ठंडा पड़ गया। हालांकि जिला आबकारी अधिकारी के मुताबिक गोसाईगंज की घटना साजिशन अंजाम दी गई थी।

यह भी पढ़ें:-बहराइच: बुजुर्ग ने किया देहदान, मृत शरीर पर मेडिकल कॉलेज में होगा शोध…

संबंधित समाचार