सीतापुर: तेंदुए ने गोवंश को बनाया शिकार, ग्रामीणों में दहशत
महोली/सीतापुर। गांव में घुस कर तेंदुए ने एक गाय को निवाला बना लिया। एक ओर जहां वन विभाग की टीम इलाके में 10 दिन से जंगली जानवर के पगचिन्ह टटोलने में जुटी है, वहीं बस्ती के अंदर तेंदुए द्वारा शिकार करने से ग्रामीण खौफजदा हैं। वन रेंज महोली के गांव चंद्रा में मंगलवार की रात …
महोली/सीतापुर। गांव में घुस कर तेंदुए ने एक गाय को निवाला बना लिया। एक ओर जहां वन विभाग की टीम इलाके में 10 दिन से जंगली जानवर के पगचिन्ह टटोलने में जुटी है, वहीं बस्ती के अंदर तेंदुए द्वारा शिकार करने से ग्रामीण खौफजदा हैं। वन रेंज महोली के गांव चंद्रा में मंगलवार की रात जंगली जानवर ने एक गाय को निशाना बनाया। गांव निवासी श्यामू रैदास की गाय उसके बाड़े में बंधी थी। सुबह गाय का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। आसपास जंगली जानवर के पगचिन्ह भी थे।
खबर पाकर गांव के सैकड़ों लोग वहां जमा हो गए। मालूम हो कि महोली वन रेंज के चन्द्रा गांव इलाके में करीब 10 दिन पहले कठिना नदी की तलहटी में स्थित खेतों में गांव वालों को जंगली जानवर के पगचिन्ह दिखे थे। इसकी जानकारी वन विभाग को मिलने पर वन क्षेत्राधिकारी सीके पांडेय की अगुआई में टीम ने जांच की थी। इसके बाद से लगातार वन विभाग की सक्रियता दिख रही है।
यही नहीं गुरुवार को चंद्रा में वन विभाग की टीम को हाईवे के पास तक पगचिन्ह मिले थे। वन अधिकारियों ने पगचिन्ह तेंदुए के बताए थे। इसके बाद से लगातार ट्रैकिंग की जा रही थी। एक ओर जहां विभाग लगातार कांबिंग कर रहा है, वही तेंदुए द्वारा गांव के बीच गाय को निवाला बनाने से चंद्रा सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।
यह भी पढ़ें:-पश्चिम बंगाल: राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने सीएम ममता पर किया हमला, बोले- राज्य में कानून का शासन नहीं बल्कि शासक का कानून
