मुरादाबाद : सपना चौधरी पर दर्ज परिवाद में छह अप्रैल को होगी सुनवाई
मुरादाबाद, अमृत विचार। लोक गायिका और डांसर सपना चौधरी पर दर्ज परिवाद में शुक्रवार को सुनवाई नहीं हो सकी। कोरोना के कारण कोर्ट ने सुनवाई करीब 70 दिन के लिए टाल दी है। अब इस मामले में छह अप्रैल को सुनवाई होगी। 11 जून वर्ष 2019 को सपना चौधरी का मुरादाबाद रेलवे स्टेडियम में हरियाणवी …
मुरादाबाद, अमृत विचार। लोक गायिका और डांसर सपना चौधरी पर दर्ज परिवाद में शुक्रवार को सुनवाई नहीं हो सकी। कोरोना के कारण कोर्ट ने सुनवाई करीब 70 दिन के लिए टाल दी है। अब इस मामले में छह अप्रैल को सुनवाई होगी। 11 जून वर्ष 2019 को सपना चौधरी का मुरादाबाद रेलवे स्टेडियम में हरियाणवी नाइट कार्यक्रम था। इसमें भारी भीड़ उमड़ी थी।
कार्यक्रम शुरू होने के कुछ देर बाद ही भीड़ ने हंगामा करना शुरू कर दिया था। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने कार्यक्रम को रोककर भीड़ को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद भी हालात काबू में नहीं आए तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर कर दिया था। इस मामले में शिवसेना के जिला प्रमुख डॉ. रामेश्वर दयाल तुरैहा ने सपना चौधरी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस अधिकारियों को पत्र भी दिया था लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने अधिवक्ता सचिन कश्यप के माध्यम से मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में परिवाद दर्ज करा दिया था।
आरोप लगाया था कि कार्यक्रम में सपना चौधरी ने अश्लील डांस कर सुप्रीम कोर्ट के दिशा निर्देशों का खुला उल्लंघन किया है। अश्लील डांस के कारण भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। जिससे शहरवासियों को काफी परेशानी हुई। वहीं उन्होंने आयोजकों पर सरकारी धन का दुरुप्रयोग करने का भी आरोप लगाया था। इस मामले में वादी डॉ. रामेश्वर दयाल तुरैहा और गवाह मंजू राठौर के बयान दर्ज हो चुके हैं। शुक्रवार को फिर इस मामले में सुनवाई होनी थी।
अधिवक्ता सचिन कश्यप ने बताया कि कोरोना के कारण कोर्ट में प्रमुख मामलों की सुनवाई चल रही है। लिहाजा इस मामले में कोर्ट ने सुनवाई टालते हुए छह अप्रैल की तारीख नियत की है। उनके अनुसार सपना चौधरी को कोर्ट में तलब करने की प्रक्रिया चल रही है।
