मुरादाबाद : यूपी पुलिस में शामिल हुए सात डिप्टी एसपी, कर्तव्यनिष्ठा की दिलाई शपथ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। यूपी पुलिस में डॉ. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे सात डिप्टी एसपी यूपी पुलिस में शामिल हो गए। सभी प्रशिक्षु वर्ष 2017 में यूपी पुलिस में शामिल हुए थे। हालांकि उनके अन्य साथियों का प्रशिक्षण नवंबर में ही पूरा हो चुका था, जबकि इन सात प्रशिक्षुओं ने देर से …

मुरादाबाद, अमृत विचार। यूपी पुलिस में डॉ. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे सात डिप्टी एसपी यूपी पुलिस में शामिल हो गए। सभी प्रशिक्षु वर्ष 2017 में यूपी पुलिस में शामिल हुए थे। हालांकि उनके अन्य साथियों का प्रशिक्षण नवंबर में ही पूरा हो चुका था, जबकि इन सात प्रशिक्षुओं ने देर से आमद कराई थी। कोरोना के कारण बुधवार को सादे समारोह में सभी को शपथ दिलाई गई। अकादमी के पुलिस अधीक्षक ने सभी को अनुशासन व कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। अभी तक पुलिस मुख्यालय से उनकी तैनाती का आदेश नहीं आया है।

वर्ष 2017 में कई प्रशिक्षुओं का चयन डिप्टी एसपी के लिए हुआ था। जिसमें 79 प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण के लिए पुलिस अकादमी भेजा था। हालांकि निर्धारित समय तक केवल 72 प्रशिक्षुओं ने आमद कराई थी। उनका प्रशिक्षण शुरू हो गया। करीब दो माह बाद सात अन्य ने अकादमी में आमद दर्ज कराई थी। पहले 72 का प्रशिक्षण पिछले वर्ष नवंबर में पूरा हो गया था। एक नवंबर को अकादमी में हुई पासिंग आउट परेड में सीएम योगी आदित्यनाथ ने सलामी ली थी। शेष सात का प्रशिक्षण बुधवार को पूरा हुआ।

एसपी ने दिलाई शपथ, फिलहाल नहीं मिली तैनाती
अकादमी में प्रशिक्षण पूरा करने वाला यह 86वां बैच था। इस बैच में उन्नाव के मयंक तिवारी, गाजियाबाद के विदुष सक्सेना, गाजीपुर के संगम कुमार, लखनऊ के गौरव सिंह, मथुरा के डॉ. देवेंद्र पचौरी, प्रयागराज के अतुल पांडेय और प्रतापगढ़ की गुंजन सिंह ने प्रशिक्षण पूरा किया। बुधवार को कोरोना के कारण सादे समारोह में शपथ ग्रहण का आयोजन किया गया। अकादमी में कार्यरत पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने सभी को अनुशासन व कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। अभी तक पुलिस मुख्यालय से सभी की तैनाती के संबंध में कोई आदेश नहीं आया है। इस मौके पर सीओ पूनम मिश्रा, राजकुमार पांडेय और जटाशंकर राव आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार