रामपुर: टीईटी साल्वर गैंग के साथ मुबारकपुर का शिक्षक और दो शिक्षामित्र भी भेजे जेल
रामपुर, अमृत विचार। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के दौरान आजमगढ़ में पकड़े गए रामपुर के सरगना चाणक्य सक्सेस क्लास के संचालक अरविंद गुप्ता के साथ बिलासपुर के मुबारकपुर के सरकारी स्कूल का शिक्षक और नगर क्षेत्र के एक स्कूल की दो शिक्षा मित्र भी पकड़ी गई हैं। जिन्हें आजमगढ़ की पुलिस ने जेल भेजा है। …
रामपुर, अमृत विचार। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के दौरान आजमगढ़ में पकड़े गए रामपुर के सरगना चाणक्य सक्सेस क्लास के संचालक अरविंद गुप्ता के साथ बिलासपुर के मुबारकपुर के सरकारी स्कूल का शिक्षक और नगर क्षेत्र के एक स्कूल की दो शिक्षा मित्र भी पकड़ी गई हैं। जिन्हें आजमगढ़ की पुलिस ने जेल भेजा है। इस गैंग में कई और सरकारी स्कूल के शिक्षकों की भूमिका संदिग्ध है। सरकारी स्कूल के शिक्षकों के साल्वर गैंग के साथ जेल जाने की जानकारी से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी व खंड शिक्षा अधिकारी बेखबर हैं। नियमानुसार इनके निलंबन की कार्रवाई भी नहीं की गई है।
बता दें कि 23 जनवरी को कड़ी सुरक्षा के बीच प्रदेश भर में सभी केद्रों पर शिक्षक पात्रता परीक्षा हुई थी। पेपर आउट नहीं हो इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। लेकिन साल्वर गैंग के लोग फिर भी नहीं माने। सरकारी सुरक्षा इंतजामों को भेदकर परीक्षा को प्रभावित किया। इस मामले में आजमगढ़ जिले की पुलिस ने पेपर साल्वर गैंग में रामपुर के चाणक्य सक्सेस क्लासेज कोचिंग के संचालक अरविंद गुप्ता को धर दबोचा था। इनके साथ करीब 22 लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। जिसमें नौ लोग रामपुर के शामिल हैं। जिसका सरगना कोतवाली थाना क्षेत्र के राजद्वारा निवासी अरविंद गुप्ता बताया गया है।
पुलिस की गंभीरता से जांच के बाद परत दर परत खुलती चली गईं। जानकारी के अनुसार इस गैंग में शाहबाद गेट निवासी सरकारी शिक्षक सारिक जावेद जो कि बिलासपुर के मुबारकपुर स्कूल में तैनात है जबकि उसकी पत्नी अर्शी जावेद गंज क्षेत्र में स्थित एक स्कूल में शिक्षामित्र है। एक और शिक्षा मित्र भी शामिल है। पुलिस जांच में पता चला है कि रामपुर के कई और शिक्षकों की भूमिका संदिग्ध है। जल्द ही आजमगढ़ पुलिस रामपुर में दबिश दे सकती है। बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों और शिक्षा मित्र के शामिल होने के बाद भी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी व खंड शिक्षा अधिकारी को इस बारे में जानकारी तक नहीं है। नियमानुसार जेल जाने के बाद इन्हें निलंबित किया जाना चाहिए।
निजी स्कूलों के कई शिक्षकों पर लटकी तलवार
चाणक्य सक्सेस क्लासेज से अरविंद गुप्ता के साथ कई निजी इंग्लिश मीडियम स्कूलों के शिक्षक भी जुड़े थे, जोकि मोटी फीस लेकर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाते हैं। इनके भी इस गैंग में शामिल होने की संभावना है। आजमगढ़ के थाना रानी की सराय के इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि जल्द ही इस मामले की तफ्तीश शुरू की जाएगी, जो भी नाम सामने आएंगे उन्हें भी रामपुर में दबिश देकर गिरफ्तार किया जाएगा।
लग्जरी कार में घूमता था टीईटी साल्वर गैंग का सरगना
पेपर में पास कराने के नाम पर अरविंद गुप्ता, बच्चों के बीच खुद को अरविंद सर के नाम से फेमस होना चाहते थे, इसीलिए शहर में जगह जगह होर्डिंग लगाकर अरविंद सर नाम लिखते थे। पास कराने के लिए लोगों से लाखों रुपये के ठेके लिया करते थे। अपनी टीम के साथ प्रदेश के किसी भी जिले में परीक्षा का पेपर साल्व कराने के लिए पहुंच जाते थे। यह महंगी लग्जरी कारों से घूमते थे
हमेशा चर्चाओं में रहता है शिक्षा विभाग
बच्चों को शिक्षा देने वाला बेसिक शिक्षा विभाग हमेशा सुर्खियों रहता है। शिक्षा विभाग में तैनात एक अधिकारी की काली करतूतें भी किसी से छिपी नहीं हैं। कुछ समय पूर्व एक बाबू पांच हजार रुपये लेने का वीडियो वायरल हुआ था। हालांकि बेसिक शिक्षा अधिकारी ने इस मामले को निपटा लिया था। इतना ही नहीं कई खंड शिक्षाधिकारियों पर महिला शिक्षकों ने छेड़खानी जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। इतना ही नहीं एक बीईओ पैसे लेते हुए पकड़े गए थे। दढ़ियाल में एक शिक्षक पैसे लेते हुए पकड़े गए थे।
वर्जन -आजमगढ़ में रामपुर के जो लोग टीईटी साल्वर गैंग के साथ पकड़े गए हैं। उसमें शिक्षक और शिक्षामित्र शामिल हैं, इस बात की हमें अभी जानकारी नहीं है। जानकारी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। -कल्पना सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी
संदिग्ध परीक्षा केंद्रों की पहले ही पुलिस को सूचना मिल गई थी। उन परीक्षा केंद्रों पर सादी वर्दी में अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई थी, साल्वर गैंग को पेपर हल करके अंदर पहुंचाना था। इससे पहले ही इन्हें गिरफ्तार करके इनकी प्लानिंग को फेल कर दिया गया था। -अनुराग आर्य, एसपी आजमगढ़
