संभल: उप मुख्यमंत्री की मतदाताओं से सीधी बात, घर-घर जाकर मांगे वोट
संभल, अमृत विचार। विधान सभा चुनाव के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने शनिवार को संभल का दौरा किया। उन्होंने संभल सीट से भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में मतदाताओं से वोट देने की अपील की। उप मुख्यमंत्री ने घर-घर जनसंपर्क कर भाजपा की नीतियों की जानकारी दी। इस दौरान सुरक्षा के …
संभल, अमृत विचार। विधान सभा चुनाव के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने शनिवार को संभल का दौरा किया। उन्होंने संभल सीट से भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में मतदाताओं से वोट देने की अपील की। उप मुख्यमंत्री ने घर-घर जनसंपर्क कर भाजपा की नीतियों की जानकारी दी। इस दौरान सुरक्षा के तहत जगह जगह पुलिस मुस्तैद रही। बता दें कि संभल में दूसरे चरण यानि 14 फरवरी को मतदान होना है।
उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा शहर के मोहल्ला दुर्गा कालोनी में स्थित प्रेम शंकर वाटिका में संवाद कार्यक्रम में पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर उनका जोरदार स्वागत किया। भाजपा प्रत्याशी राजेश सिंघल और कपिल सिंघल ने उप मुख्यमंत्री को गदा भेंट की। संवाद कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार ने सबका साथ सबका विकास की तर्ज पर कार्य किया। भाजपा सरकार ने बिना भेदभाव के सभी समाज के लोगों को सीधे सरकारी योजनाओं का लाभ दिया। सरकार की ओर से किसान सम्मान निधि का लाभ सभी धर्मों व वर्गों के किसानों को मिला।
प्रदेश में कोई भी किसान बिना सम्मान निधि के नहीं है अब। केंद्र सरकार ने जिन लोगों के घरों में गैस सिलेंडर नहीं था, उन परिवारों की महिलाओं को निशुल्क गैस कनेक्शन दिया। सरकार ने ना हिन्दू देखा और न ही मुस्लिम देखा, सभी वर्ग की महिलाएं आज गैस पर खाना बना रही हैं। महिलाएं पहले धुएं में खाना बनाती थी तो उस समय परेशानियों का सामना करना पड़ता था। आज महिलाएं बहुत खुश हैं। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में 27 लाख लोगों को आवास देने के लिए लिस्ट बनाई थी, लेकिन सपा ने लाभार्थियों को एक भी आवास नहीं दिया था। जब उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी तो मुख्यमंत्री योगी ने 47 लाख लाभार्थियों को आवास देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में भू माफिया गरीबों की जमीन पर अवैध कब्जा कर आशियाना बनाते थे, योगी जी ने बुलडोजर चला है तब से भू-माफिया का घर जेल बन गया है।
माफिया के घरों को गिराया जा रहा। इसके बाद उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने संवाद के मंच पर संभल सीट से भाजपा प्रत्याशी राजेश सिंघल का हाथ उठाकर समर्थकों और भाजपा पदाधिकारियों से जीत दिलाने का आह्वान किया। उन्होंने जय श्री राम के जयघोष के साथ भाजपा की जीत पक्की करने का संकल्प दोहराया। उसके बाद उप मुख्यमंत्री ने प्रेमशंकर वाटिका से जनता पेट्रोल पंप तक जनसंपर्क कर राजेश सिंघल के लिए लोगों से वोट देने की अपील की। जगह जगह लोगों ने उप मुख्यमंत्री और भाजपा प्रत्याशी पर पुष्प वर्षा की। मंच पर जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह खड़गवंशी, जिला प्रभारी राजा वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव, भाजपा पूर्व प्रत्याशी डॉ. अरविंद गुप्ता, कमल कुमार कमल, दिनेश जाटव, कपिल सिंघल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
