मुरादाबाद : 31 जनवरी से दस फरवरी तक चलेगा विशेष अभियान, वोट डालने के लिए किया जाएगा प्रेरित
मुरादाबाद। लोकतंत्र की मजबूती के लिए विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक मतदान का संदेश देने के लिए स्वीप (सिस्टमेटिक वोटर्स एजूकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टीसिपेशन) के माध्यम से विशेष अभियान 31 जनवरी से दस फरवरी तक जिले में चलेगा। इसमें हर दिन नये आयोजन से नये अंदाज में मतदाताओं को विस चुनाव में 14 फरवरी …
मुरादाबाद। लोकतंत्र की मजबूती के लिए विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक मतदान का संदेश देने के लिए स्वीप (सिस्टमेटिक वोटर्स एजूकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टीसिपेशन) के माध्यम से विशेष अभियान 31 जनवरी से दस फरवरी तक जिले में चलेगा। इसमें हर दिन नये आयोजन से नये अंदाज में मतदाताओं को विस चुनाव में 14 फरवरी को वोट डालने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अभियान के पहले दिन स्टीकर कैंपेन चलेगा। इसमें विभिन्न चौराहों पर सिविल डिफेंस, स्काउट एंड गाइड, एनसीसी एन एसएस के 100 छात्र छात्राएं पंचायत भवन, पीलीकोठी पर उपस्थित होकर अभियान चलाएंगे। तहसील स्तर पर मुरादाबाद, कांठ व ठाकुरद्वारा पर अलग अलग कार्यक्रम होंगे। इसमें शिक्षण संस्थाओं के प्रधानाचार्य, सिविल डिफेंस के प्रभारी संयोजक बनाए गए हैं।
एक फरवरी को जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के संयोजन में स्कूल कालेज के शिक्षकों द्वारा सोनकपुर स्टेडियम से स्कूटी मोटर साइकिल रैली निकाली जाएगी। दो फरवरी को चुनावी चर्चा, कवि सम्मेलन और मतदाता जागरुकता से संबंधित टी शर्ट का प्रदर्शन विमोचन पंचायत भवन सभागार में किया जाएगा। इसमें बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के सौ-सौ शिक्षक मतदाता जागरुकता संबंधित स्लोगन लेकर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे।
तीन फरवरी को तहसील सभागार कांठ में छजलैट ब्लॉक के सौ-सौ शिक्षक उपस्थित रहेंगे। इसमें मतदाता जागरुकता वाहन को हरी झंडी दिखाई जाएगी, लोगों को सी विजिल एप, केवाईसी एप और वोटर हेल्प लाइन एप को डाउनलोड कराया जाएगा।चार को बिलारी तहसील सभागार में मतदाता जागरुकता कार्यक्रम होगा।
छह फरवरी को सोनकपुर स्टेडियम से मतदाता जागरुकता बाइक रैली निकाली जाएगी। आठ को मानव श्रृंखला बनाई जाएगी। नौ को सोनकपुर स्टेडियम से जन जागरूकता रैली पैदल मार्च निकाली जाएगी। आखिरी दिन दस फरवरी को चुनावी पाठशाला व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन पंचायत भवन में किया जाएगा। इसमें स्कूल कालेजों की सहभागिता रहेगी।
मुख्य विकास अधिकारी (नोडल अधिकारी स्वीप) आनंद वर्धन ने बताया कि स्वीप के तहत विशेष अभियान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर मतदाताओं को जागरूक किया जाएगा। अधिक से अधिक मतदान के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा।
