बरेली: अपनी ड्यूटी कटवाने के प्रयास में इधर-उधर न घूमें
बरेली, अमृत विचार। अपर जिलाधिकारी नगर डा. आरडी पाण्डेय ने समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए हैं कि अपनी ड्यूटी कटवाने के प्रयास में इधर-उधर न घूमें। प्रशिक्षण को अच्छे से सीख लें। कोई भी प्रशिक्षण से वंचित न रहे। विधानसभा सामान्य निर्वाचन की प्रक्रिया में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने में …
बरेली, अमृत विचार। अपर जिलाधिकारी नगर डा. आरडी पाण्डेय ने समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए हैं कि अपनी ड्यूटी कटवाने के प्रयास में इधर-उधर न घूमें। प्रशिक्षण को अच्छे से सीख लें। कोई भी प्रशिक्षण से वंचित न रहे। विधानसभा सामान्य निर्वाचन की प्रक्रिया में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतें। मतदान के दिन सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट अपने-अपने पोलिंग बूथों पर समय से पहुंचकर मतदान की प्रक्रिया को प्रारम्भ करायें।
संजय कम्युनिटी हाल में रविवार को आयोजित सेक्टर मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेट के प्रशिक्षण कार्यक्रम में डा. आरडी पाण्डेय ने कहा कि चुनाव ड्यूटी में जो भी जिम्मेदारी दी जाएं, उसका पूर्ण रुप से पालन करना सुनिश्चित करें। सभी इस बात का अवश्य रुप से ध्यान रखें कि मतदान समाप्ति के बाद वीपी पैट में क्लोज का बटन दबाकर मतदान को समाप्त कराएं। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान यदि कोई समस्या होती है तो तत्काल टोल फ्री नम्बर 1950 से सम्पर्क करें। पोलिंग पार्टी की रवानगी से पूर्व समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेट अपने-अपने पोलिंग बूथों का निरीक्षण अवश्य कर लें।
नगर मजिस्ट्रेट राजीव पांडेय ने कहा कि सेक्टर मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेट पीठासीन अधिकारी एक दूसरे के मोबाइल नंबर अपने पास रखें। वाहन चालक का भी नम्बर अवश्य रखें। पोलिंग बूथ पर यदि किसी प्रत्याशी के बैनर व पोस्टर लगे हों तो उन्हें तत्काल हटाएं। उन्होंने समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेट को निर्देश देते हुये कहा कि यदि मतदाता पोलिंग बूथ पर शस्त्र लाता है तो उसका शस्त्र बाहर ही जमा करने के बाद ही उसे वोट देने की अनुमति दें। कार्यक्रम में नगर मजिस्ट्रेट राजीव पाण्डेय, उप जिलाधिकारी सदर कुमार धर्मेंद्र, रिटर्निंग अफसर बहेड़ी पारुल तरार सहित समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।
