अयोध्या: ‘मंगल’ कामनाओं के साथ चुनावी सूरमा कल से करेंगे नामांकन, तैयारियां पूरी
अयोध्या। विधानसभा चुनाव को लेकर जिले का सियासी पारा मंगलवार से चढ़ना शुरू हो जाएगा। पांचवे चरण के तहत 27 फरवरी को जिले में होने वाले मतदान के लिए नामांकन की प्रक्रिया एक फरवरी से शुरू होकर आठ फरवरी तक चलेगी। कोरोना के प्रकोप और आयोग की ओर से जारी गाइड लाइन को देखते हुए …
अयोध्या। विधानसभा चुनाव को लेकर जिले का सियासी पारा मंगलवार से चढ़ना शुरू हो जाएगा। पांचवे चरण के तहत 27 फरवरी को जिले में होने वाले मतदान के लिए नामांकन की प्रक्रिया एक फरवरी से शुरू होकर आठ फरवरी तक चलेगी। कोरोना के प्रकोप और आयोग की ओर से जारी गाइड लाइन को देखते हुए नामांकन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
पूरी नामांकन प्रक्रिया 22 कैमरों की निगरानी और वीडियोग्राफी में होगी। प्रत्याशी और प्रस्तावक के अतिरिक्त नामांकन स्थल कलेक्ट्रेट में किसी अन्य को प्रवेश की अनुमति नहीं है। इतना ही नहीं लाव लश्कर नामांकन की अनुमति भी नहीं है। कलेक्ट्रेट के बाहर और अंदर दोनों जगह सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। जिले की पांच विधानसभा सीटों के लिए पर्चा दाखिल करने की व्यवस्था को लेकर सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम नितीश कुमार और एसएसपी शैलेश कुमार पाण्डेय ने नामांकन स्थल कलेक्ट्रेट का जायजा लिया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने छूटी तैयारियों को हर हाल में पूरा करने के लिए निर्देश दिए। एएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी प्रशासन, उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित सिंह ने बताया कि समस्त नामांकन प्रक्रिया को सकुशल संपन्न कराने के लिए 22 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं। बैरिकेडिंग का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। नामांकन कक्षों में समुचित प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जा रही है। सभी कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं।
कोषागार द्वार से मिलेगा नामांकन के लिए प्रवेश
मंगलवार से शुरू हो रहे नामांकन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से रूट चार्ट भी निर्धारित किया गया है। इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। इसके तहत डीसीसी, एसडीएम सदर प्रशासन के कोर्ट में नामांकन के लिए जाने के लिए कोषागार द्वार से प्रवेश दिया जाएगा। एशेष कोर्ट में नामांकन के लिए कोषागार के गेट से प्रवेश मिलेगा। कलेक्ट्रेट परिसर में भी चेक करने के लिए सभी प्रवेश द्वारों के बाहर भी बेरिकेडिंग कराई गई है। प्रत्येक कक्ष में एक वीडियोग्राफर की मौजूदगी रहेगी जो पल-पल के मूवमेंट को कैमरे में कैद करेगा। नामांकन कक्ष के बाहर शांति व्यवस्था के लिए एक एक मजिस्ट्रेट भी तैनात किए जाएंगे।
दो गाड़ियां ही होंगी अनुमन्य, ई-नामांकन की भी है सुविधा
किसी भी प्रत्याशी के लिए दो गाड़ियां ही अनुमन्य होगी। प्रत्याशी के दो प्रस्तावक ही अनुमन्य है, यही लोग ही गेट के अंदर प्रवेश करेंगे। ई-नामांकन की सुविधा भी है जो प्रत्याशी ई सुविधा से नामांकन करना चाहता है तो उसे एप डाऊनलोड करना होगा। इसकी पूरी जानकारी जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
विधानसभा वार नामांकन कक्ष आवंटित किए गए
जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशियों के नामांकन के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से कलेक्ट्रेट परिसर में कक्ष आवंटित किए गए हैं। सभी विधानसभा क्षेत्रों में रिटर्निंग अफसरों को नामित किया गया है। नामांकन के लिए पांच कक्ष आवंटित किए गए हैं। रुदौली विधानसभा क्षेत्र में रिटर्निंग अफसर एसडीएम रुदौली स्वप्निल कुमार यादव न्यायालय नगर मजिस्ट्रेट परिसर में नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराएंगे।
मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में रिटर्निंग अफसर एसडीएम मिल्कीपुर दिग्विजय प्रताप सिंह न्यायालय अपर जिला मजिस्ट्रेट वित्त एवं राजस्व परिसर में, बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में रिटर्निंग अफसर एसडीएम सोहावल अनुराग प्रसाद न्यायालय बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी परिसर में, अयोध्या विधानसभा क्षेत्र में रिटर्निंग अफसर एसडीएम अयोध्या राम कुमार शुक्ला न्यायालय एसडीएमसदर परिसर में व गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र में रिटर्निंग अफसर एसडीएम बीकापुर संदीप कुमार श्रीवास्तव द्वारा न्यायालय अपर जिला मजिस्ट्रेट प्रशासन कलेक्ट्रेट परिसर में नामांकन कराएंगे।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: किसानों ने मनाया विश्वासघात दिवस, बोले- मांगें नहीं मानी गई तो फिर से देशव्यापी आंदोलन करने को होंगे मजबूर
