मुरादाबाद : स्वच्छ छवि वाले ‘सैनिक’ मतदाताओं को लाएंगे केंद्र तक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान के लिए जिलाधिकारी के ‘सैनिक’ भी अहम भूमिका निभाएंगे। यह सैनिक है नागरिक सुरक्षा संगठन के पदाधिकारी। इन सैनिकों को मतदान के दिन मतदाताओं को पोलिंग बूथ तक लाने की जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी है। हालांकि यह जिम्मेदारी स्वच्छ छवि वाले पदाधिकारियों को सौंपी जाएगी। जिलाधिकारी के …

मुरादाबाद, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान के लिए जिलाधिकारी के ‘सैनिक’ भी अहम भूमिका निभाएंगे। यह सैनिक है नागरिक सुरक्षा संगठन के पदाधिकारी। इन सैनिकों को मतदान के दिन मतदाताओं को पोलिंग बूथ तक लाने की जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी है। हालांकि यह जिम्मेदारी स्वच्छ छवि वाले पदाधिकारियों को सौंपी जाएगी। जिलाधिकारी के आदेश पर पुलिस महकमे ने सत्यापन करना भी शुरू कर दिया है। सत्यापन में प्रमुख तौर पर देखा जा रहा है कि उन पर कोई अपराधिक मुकदमा दर्ज न हो और वह कोई विशेष राजनीतिक पार्टी का प्रतिनिधित्व न कर रहे हों।

देश की अंदरूनी सुरक्षा में नागरिक सुरक्षा संगठन के पदाधिकारी अहम भूमिका निभाते हैं। वर्ष 1962 में गठित इस संगठन का मुख्य उद्देश्य था कि पदाधिकारी आपातकालीन स्थिति में पुलिस व सेना के जवानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करें। गृह मंत्रालय में पंजीकृत इस संगठन के नियंत्रक हर जिले के जिलाधिकारी होते हैं। मुरादाबाद में इस संगठन में करीब छह सौ से अधिक लोग जुड़े हैं।

कोरोना में निभाई जिम्मेदारी, अब मतदान की है तैयारी
नागरिक सुरक्षा संगठन के पदाधिकारी कोरोना काल में लगे लाकडाउन के दौरान चर्चाओं में आए थे। पूरे लाकडाउन यह पदाधिकारी 24 घंटे सड़कों पर नजर आए थे। पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर अपनी जान की परवाह किए बगैर लाकडाउन का पालन कराने के साथ ही लोगों को जागरुक कर रहे थे। बिना किसी स्वार्थ व वेतन के गली-मोहल्लों में सेनेटाइजेशन करने के साथ ही जागरुकता अभियान चलाया था। यही वजह है कि अब हर महत्वपूर्ण कार्य की जिम्मेदारी जिलाधिकारी संगठन को सौंप रहे हैं।

इसी के तहत कोरोना योद्धा बने इन पदाधिकारियों को जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने शत-प्रतिशत मतदान कराने की जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी कर ली है। संगठन से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में जिलाधिकारी संग बैठक हो चुकी है। मुख्यतय: मतदान के दिन मतदाताओं को पोलिंग बूथ तक ले जाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके लिए स्वच्छ छवि वाले पदाधिकारियों को चिन्हित किया जा रहा है। जिलाधिकारी के आदेश पर पुलिस ने सत्यापन भी शुरू कर दिया है। सत्यापन के मुख्य रूप से देखा जा रहा है कि पदाधिकारी पर कोई अपराधिक मामला दर्ज न हो। साथ ही वह किसी राजनीतिक पार्टी का प्रतिनिधित्व न कर रहा हो।

इस संबंध में जिलाधिकारी संग बैठक हुई थी। सत्यापन का काम चल रहा है। संगठन में अमूमन सभी साफ छवि वाले लोग ही जुड़े हैं। जल्द ही ड्यूटी के संबंध में दिशा-निर्देश दिए जाने की बात कही गई है। -जयराज तोमर, उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा

संबंधित समाचार