अयोध्या: पहले दिन नामांकन को नहीं आए प्रत्याशी, मुहूर्त देख प्रत्याशी भरेंगे पर्चा
अयोध्या। विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए मंगलवार से शुरू हुए नामांकन के दौरान पहले दिन किसी भी दल या निर्दल प्रत्याशी ने अपना पर्चा नहीं भरा। सभी पांचों विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अफसर मंगलवार को पूरे दिन प्रत्याशी की बाट जोहते रहे। कलेक्ट्रेट में भी सुबह से लेकर दोपहर तक सरगर्मी रही। हालांकि …
अयोध्या। विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए मंगलवार से शुरू हुए नामांकन के दौरान पहले दिन किसी भी दल या निर्दल प्रत्याशी ने अपना पर्चा नहीं भरा। सभी पांचों विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अफसर मंगलवार को पूरे दिन प्रत्याशी की बाट जोहते रहे। कलेक्ट्रेट में भी सुबह से लेकर दोपहर तक सरगर्मी रही। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से अधिसूचना जारी किए जाने के बाद पहले दिन मंगलवार को कुल 29 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई।
नामांकन व्यवस्था को लेकर डीएम जिला निर्वाचन अधिकारी नितीश कुमार ने नामांकन कक्षों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। हालांकि सभी दलों को खंगाला गया तो बताया गया कि प्रत्याशी शुभ मुहूर्त में अपने-अपने हिसाब से नामांकन करेंगे। इसके लिए पार्टी की ओर से कोई गाइड-लाइन या दिशा-निर्देश जारी नहीं किए गए हैं। जिला प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार पांचों विधानसभाओं को मिलाकर कुल 29 नामांकन फार्म लिए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी नितीश कुमार ने बताया कि नाम निर्देशन के प्रथम दिन रूदौली विधानसभा में चार, मिल्कीपुर विधानसभा में दो , बीकापुर विधानसभा में आठ, अयोध्या विधानसभा में 11 और गोसाईगंज विधानसभा में 4 फार्म प्रत्याशियों व उनके प्रतिनिधियों द्वारा लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि पांचों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के नामांकन कक्षों में रिटर्निंग आफिसर्स द्वारा पूर्वान्हन 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक नामांकन संबंधी कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि रूदौली और मिल्कीपुर के प्रत्याशी नामांकन के लिए कोषागार गेट से प्रवेश कर सकेगें। बीकापुर, अयोध्या और गोसाईगंज विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी मेन गेट आयुक्त निवास के सामने से प्रवेश की व्यवस्था की गई है।
दिव्यांग मतदाताओं के लिए निर्देश जारी
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया दृष्टिबाधित दिव्यांग मतदाताओं को ब्रेल लिपि में मतदाता पर्ची उपलब्ध कराई जाएगा। समस्त दृष्टिबाधित मतदाता जो ब्रेल भाषा जानते हैं का विवरण तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश समस्त रिटर्निंग आफिसर्स को दिए गए हैं। दृष्टिबाधित दिव्यांग मतदाता, जिन्हें ब्रेल लिपि का ज्ञान है, उन्हें ब्रेल लिपि में मतदाता पर्ची उपलब्ध कराये जाने के लिए निर्धारित प्रारूप पर सूचना जिला दिव्यांग सशक्तीकरण अधिकारी को उपलब्ध कराना है।
डीएम के निर्देश पर निरीक्षण किया
अपर जिलाधिकारी नगर सलिल कुमार पटेल ने मीडिया प्रमाणन व अनुवीक्षण समिति कक्ष का निरीक्षण किया। पांचोंH विधानसभाओं के तैयार किये गये रजिस्टर व पत्रावलियों की जांच करते हुए एमसीएमसी की कार्य प्रणाली की विशेष जानकारी दी।
यह भी पढ़ें:-अखिलेश यादव ने कसा शायराना तंज, बताया- आम लोगों की जेब काटने वाला बजट
