सीतापुर: सपा, भाजपा के उम्मीदवारों समेत 20 प्रत्याशियों ने किया नामांकन
सीतापुर। नामांकन प्रक्रिया के पांचवें दिन मंगलवार को नौ विधान सभा सीटों के लिए कुल 20 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा है। इनमें सपा, भाजपा के तीन-तीन व बसपा के दो प्रत्याशियों ने अपने पर्चे भरे हैं। इसके अलावा दो निर्दलीय प्रत्याशियों के अलावा कई अन्य दलों के उम्मीदवारों ने भी अपने नामांकन पत्र दाखिल किए …
सीतापुर। नामांकन प्रक्रिया के पांचवें दिन मंगलवार को नौ विधान सभा सीटों के लिए कुल 20 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा है। इनमें सपा, भाजपा के तीन-तीन व बसपा के दो प्रत्याशियों ने अपने पर्चे भरे हैं। इसके अलावा दो निर्दलीय प्रत्याशियों के अलावा कई अन्य दलों के उम्मीदवारों ने भी अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। समाजवादी पार्टी के महोली से उम्मीदवार पूर्व विधायक अनूप गुप्ता ने तीसरा सेट भरा है। सपा के सेवता विधान सभा से उम्मीदवार महेंद्र कुमार सिंह झीन बाबू व सिधौली विधान सभा के सपा उम्मीदवार डाक्टर हर गोविंद भार्गव ने नामांकन किया है।
इसी तरह भाजपा से बिसवां विधान सभा से भाजपा उम्मीदवार निर्मल वर्मा, सेवता से भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी की पत्नी अंजू तिवारी, महमूदाबाद विधान सभा से भाजपा उम्मीदवार आशा मौर्या ने नामांकन किया है। बसपा के बिसवां से उम्मीदवार हाशिम अली व लहरपुर से बसपा प्रत्याशी मोहम्मद जुनैद अंसारी ने पर्चा भरा है। इसके अलावा महोली क्षेत्र से भारतीय जनक्रांति दल से अजय वर्मा, इसी क्षेत्र के प्रजाशक्ति समदर्शी पार्टी के उम्मीदवार रामकुमार मिश्रा, आप पार्टी से दीप्ति वर्मा ने नामांकन किया है।
सीतापुर विधान सभा क्षेत्र से ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट रेडिकल से बाबूराम व यहीं से भारतीय सुभाष सेना से सत्येंद्र कुमार ने पर्चा भरा है। हरगांव विधानसभा क्षेत्र से अंबेडकर समाज पार्टी के खुशीराम चौधरी, लहरपुर से निर्दलीय उम्मीदवार अतुल वर्मा, कांग्रेस से अनुपमा द्विवेदी, बिसवां विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार नत्थाराम, प्रजाशक्ति समदर्शी पार्टी से रामलखन गौतम ने भी आज नामांकन किया है। सिधौली विधानसभा क्षेत्र से आवामी समता पार्टी से महेंद्र कुमार व मिश्रिख विधानसभा क्षेत्र से बहुजन मुक्ति पार्टी के उम्मीदवार संतोष ने भी पर्चा दाखिल कर अपना दमखम दिखाया है।
ध्यान खींचने के लिए उम्मीदवार कर रहे हर जतन
चुनाव आचार संहिता के बीच नियमों को देखते हुए उम्मीदवार पर्चा दाखिल करते समय भले ही भारी भीड़ लाकर शक्त प्रदर्शन न कर पा रहे हों, लेकिन वह लोगों को ध्यान खींचने के लिए कई जतन कर रहे हैं। नामांकन भरने पहुंच रहे उम्मीदवार अपना चुनाव निशान साथ ला रहे हैं। सपा के अनूप गुप्ता साइकिल से आए थे। मिश्रिख से सुभासपा उम्मीदवार मनोज राजवंशी के पिता पूर्वमंत्री रामपाल राजवंशी चुनाव निशान छड़ी लेकर आए थे। इसी तरह कोई रिक्शे से नामांकन करने आ रहा है तो कोई बैलगाड़ी व ट्रैक्टर पर सवार होकर पहुंच रहा है।
सामान्य सीट पर दलित दावेदारी का प्रतीक है हमारा नामांकन: बीआर गौतम
सीतापुर। सदर सीट से पूर्व अपर मुख्य चिकित्साधिकारी व जाने माने अंबेडकर वादी डॉक्टर बीआर गौतम ने आज नामांकन दाखिल करते हुए कहा हमारा नामांकन सामान्य सीट पर दलित दावेदारी का प्रतीक है। इस अवसर पर आल इंडिया फ्रंट के जिला प्रभारी गया प्रसाद ने कहा की डॉक्टर बीआर गौतम की दावेदारी दलित सम्मान और किसान अधिकार के लिए है। इस अवसर पर बिंदेश्वरी प्रसाद गौतम, सुनीला रावत, नागेश गौतम, विनीत जायसवाल, डॉक्टर ब्रजबिहारी आदि मौजूद रहे। नामांकन के पहले डॉक्टर बीआर गौतम ने बाबा साहब डॉक्टर बीआर अंबेडर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
यह भी पढ़ें:-मध्य प्रदेश में लूट के वारदात को अंजाम देने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, 90 किलो चांदी, हथियार बरामद
