अयोध्या: नामांकन का दौर जारी, बीजेपी के दो व सपा के एक प्रत्याशी ने भरा पर्चा
अयोध्या। रामनगरी में चुनावी सरगर्मियां बढ़ती जा रही हैं। नामांकन शुरू होने के तीसरे दिन गुरुवार को भाजपा के दो व सपा के एक प्रत्याशी ने अपना पर्चा दाखिल किया। अयोध्या व गोसाईगंज विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी वेद प्रकाश गुप्त व आरती तिवारी ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। दोनों पार्टियों ने कोविड नियमों का …
अयोध्या। रामनगरी में चुनावी सरगर्मियां बढ़ती जा रही हैं। नामांकन शुरू होने के तीसरे दिन गुरुवार को भाजपा के दो व सपा के एक प्रत्याशी ने अपना पर्चा दाखिल किया। अयोध्या व गोसाईगंज विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी वेद प्रकाश गुप्त व आरती तिवारी ने नामांकन पत्र दाखिल किया है।
दोनों पार्टियों ने कोविड नियमों का पालन करते हुए भरा नामांकन
सपा प्रत्याशी तेज नारायण पांडे पवन ने भी अयोध्या विधानसभा से कोविड प्रोटोकॉल के तहत शांति पूर्वक नामांकन प्रक्रिया को पूरा किया। तीनों ने ही विकास कराने के दावे करते हुए जनता से अपने पक्ष में 27 फरवरी को पक्ष में मतदान करने की अपील की है।
27 फरवरी को जिले में होना है मतदान
18वीं विधानसभा चुनाव के पांचवे चरण में 27 फरवरी को अयोध्या जिले में मतदान होना है। नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन अयोध्या विधानसभा क्षेत्र के भाजपा के प्रत्याशी वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि आज बड़ा ही शुभ दिन है इसके लिए आज सबसे पहले भगवान श्री राम के चरणों में अपना शीश नवाकर अपना पर्चा दाखिल किया है।
पूज्य संत महंत व अयोध्यावासियों का आशीर्वाद है। वहीं व्यापारियों के नाराजगी पर बताया कि मैं पहले व्यापारी हूं। व्यापारी कभी नाराज ना हुआ है ना होगा। पूरी तरह से व्यापारी समाज मेरे साथ हैं। दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी को ही व्यापारियों का वोट जाएगा। इस बार भी चुनाव का मुद्दा अयोध्या का विकास है।
भाजपा सरकार में लोगों का जीना मुहाल हुआ: पवन
अयोध्या विधानसभा से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी व पूर्व मंत्री तेज नारायण पाण्डेय पवन ने कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए कचहरी पहुंचे और सादगी पूर्ण माहौल में उन्होंने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

पवन ने कहा प्रदेश की सरकार ने पिछले 5 वर्षों में हिटलर शाही का परिचय देते हुए प्रदेश को 10 साल पीछे धकेल दिया। भाजपा सरकार के कार्यकाल में समाज का हर वर्ग त्रस्त हो गया है, महंगाई चरम पर है तो वही नौकरियों का अकाल है, अराजकता इस कदर बढ़ गई है की लोगों का जीना मुहाल हो गया है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी तो समाज का हर वर्ग खुशहाल रहेगा साथ ही उत्तर प्रदेश भी उत्तम प्रदेश बनने की ओर अग्रसर होगा।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में अयोध्या में सड़क शिक्षा बिजली पानी सहित सभी क्षेत्रों में ऐतिहासिक विकास हुआ था, जबकि वर्तमान की भाजपा सरकार ने अयोध्या के व्यापारियों को सड़क पर लाकर खड़ा कर दिया है, उनकी दुकानें तोड़ी जा रही हैं, कामगारों के रोजगार छीने जा रहे हैं, नागरिकों के घर गिराए जाने जैसे कार्यों से अयोध्या एवं अयोध्या वासियों को उजाड़ने का कार्य किया जा रहा है।
विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं रह गया है: आरती
नामांकन के उपरान्त भाजपा कार्यालय पहुंचने पर पार्टी की गोसाईगंज प्रत्याशी आरती तिवारी का पहले से मौजूद हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। आरती तिवारी के समर्थन में जमकर नारेबाजी हुई। भाजपा प्रत्याशी आरती तिवारी ने कहा कि एक बेहतर प्लान को लागू करते पूरी विधानसभा में पिछले पांच साल में हुए विकास की गति को और तीव्र किया जायेगा।
पिछले पांच वर्षों में विकास की रश्मि से पूरे गोसाईगंज क्षेत्र को बिना भेदभाव के प्रकाशित किया गया था, जिसका परिणाम यह है कि आज समाज के हर वर्ग का समर्थन प्राप्त हो रहा है। विपक्षी नेताओं के पास कोई मुद्दा नहीं रह गया है। षड़यंत्र पर विकास हावी रहेगा। जनता का उत्साह व हमारे प्रति समर्थन विपक्ष की तुच्छ राजनीति का जवाब आने वाले समय में देगा।
जिलाध्यक्ष संजीव सिंह ने कहा कि गोसाईगंज विधानसभा में शांति पूर्ण चल रहे चुनाव को जिस तरह सपा प्रत्याशी द्वारा प्रभावित करने का प्रयास किया गया है। इससे आम जनता में नाराजगी है। जनता इसका जवाब मतदान के दौरान देने जा रही है।
नामांकन के दौरान आयोग के सभी निर्देशों का पालन कराया जा रहा है। सुरक्षा व कोविड प्रोटोकाल पर खास ध्यान दिया जा रहा है। सभी विधानसभा क्षेत्रों के अलग-अलग नामांकन की व्यवस्था की गई है। हर जगह व कचेहरी के द्वार पर कड़ा सुरक्षा घेरा रखा गया है।
– विजयपाल सिंह, एसपी सिटी
यह भी पढ़ें: बेंगलुरु ओपन एटीपी चैलेंजर में साकेत माइनेनी को मिली वाइल्ड कार्ड एंट्री
