लखनऊ: राजधानी में नहीं रुक रहीं चोरी की घटनाएं, लोगों में पसरा खौफ
लखनऊ। राजधानी में आचार संहिता को लेकर मुख्यालय के निर्देश पर प्रत्येक थाना क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ बेहद सख्ती बरती जा रही है। क्राइम ग्राम को कम करने के लिए देर रात तक गली-गली पेट्रोलिंग टीम दौड़ रही हैं, पर इसके बावजूद चोरों के हौसले बुलंद हैं। गुरुवार को राजधानी में चोरों ने दो …
लखनऊ। राजधानी में आचार संहिता को लेकर मुख्यालय के निर्देश पर प्रत्येक थाना क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ बेहद सख्ती बरती जा रही है। क्राइम ग्राम को कम करने के लिए देर रात तक गली-गली पेट्रोलिंग टीम दौड़ रही हैं, पर इसके बावजूद चोरों के हौसले बुलंद हैं। गुरुवार को राजधानी में चोरों ने दो घरों को अपना निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहने व नगद पर हाथ साफ कर चोरी कर ली।
हसनगंज में बंद घर से 12 लाख की चोरी
हसनगंज कोतवाली अंतर्गत सीतापुर रोड स्थित शिवनगर में अज्ञात चोरों ने अर्पित अवस्थी के बंद घर से लगभग 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और दो लाख 60 हजार रुपये नगद पर हाथ साफ कर दिया। अर्पित ने अज्ञात चोर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
अर्पित ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ गत 29 जनवरी को सीतापुर गये हुए थे। दो फरवरी को लौटे तो पाया के मेन गेट, चैनल, सभी कमरों के ताले, जीने का ताला टूटा हुआ था और आगंन की छत पर लगी लोहे की ग्रिल कटी हुई थी।
वहीं आलमारियों के लॉक भी टूटे हुए थे। जांचने पर पता चला कि चोर पत्नी, बहन और मां के सभी सोने-चांदी के जेवर और दो लाख 60 हजार रुपये नगद चुरा ले गये। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं चोरी की घटना से लोग परेशान हैं।
मड़ियांव में 6 घंटे में घर साफ कर गये चोर
मड़ियांव कोतवाली अंतर्गत प्रीतिनगर में जामिया मदरसे के पास रहने वाले मो. अहमद के बंद घर को चोरों ने महज 6 घंटे में पूरी तरह से साफ कर दिया। अहमद ने बताया कि वे गत 31 जनवरी की रात करीब 10 बजे खदरा मजार गये हुए थे।
1 फरवरी की सुबह घर लौटे तो पाया कि मेन गेट का ताला टूटा हुआ है और घर से चोरों ने करीब ढ़ाई लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने, 3500 रुपये नगद, मोबाइल फोन व घरेलू सामान की चोरी कर ली है। अहमद की लिखित शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोने की अंगूठियां लेकर कंकड़ थमा गया ठग
मड़ियांव कोतवाली अंतर्गत मिठौली तिराहे के समीप गुरुवार को एक ठग ने माल थानांतर्गत काकराबाद निवासी कविता सिंह को बहला-फुसलाकर चार सोने की अंगूठियां ठग लीं और बदले में कंकड़ थमा कर चला गया।
कविता ने बताया कि उसके सीतापुर स्थित मायके में एक कार्यक्रम था। जिसमें शामिल होने के लिए वह बच्चों के साथ मिठौली तिराहे के पास टेम्पो से उतरी थी। इसी दौरान एक युवक आया और बहला-फुसलाकर हाथ में पहनी हुई सोने की चार अंगूठी लिफाफे में डालने को कहा। लिफाफे में अंगूठी डालने के बाद युवक फरार हो गया। जब कविता ने लिफाफा खोला तो उसमें अंगूठियों की जगह चार कंकड़ रखे हुए थे।
यह भी पढ़ें: अल्मोड़ा: जागेश्वर विधानसभा में चरम पर ‘चुनावी जंग’, प्रत्याशियों ने प्रचार में झोंकी ताकत
