अयोध्या: साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन पटरी से उतरी, टला बड़ा हादसा
अयोध्या। लोको पायलट की सूझबूझ ने भारी बारिश के दौरान एक बड़े रेल हादसे को टाल दिया। अयोध्या कैंट से चलकर लखनऊ जा रही साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन रात 9:35 पर पटरंगा रेलवे स्टेशन से लगभग एक किलोमीटर पश्चिम में स्थित गेट नंबर 125 के पास भवरिहा नाला के पुल के समीप बेपटरी हो गई। लोको …
अयोध्या। लोको पायलट की सूझबूझ ने भारी बारिश के दौरान एक बड़े रेल हादसे को टाल दिया। अयोध्या कैंट से चलकर लखनऊ जा रही साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन रात 9:35 पर पटरंगा रेलवे स्टेशन से लगभग एक किलोमीटर पश्चिम में स्थित गेट नंबर 125 के पास भवरिहा नाला के पुल के समीप बेपटरी हो गई। लोको पायलट ने तत्काल इसकी सूचना आला अधिकारियों को दी।
मौके पर पहुंची अधिकारियों की टीम ने निरीक्षण किया। घटना में किसी भी तरह की जनहानि न होने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। पटरी पर पेड़ गिरने की वजह से इंजन के चार पहिये पटरी से उतरे थे। उन्हें कड़ी मशक्कत के बाद दोबारा पटरी पर करवाने के बाद रात दो बजे रेलमार्ग पर यातायात बहाल करवा दिया गया।
देर शाम तेज हवाओं के साथ बारिश व ओलावृष्टि शुरू हो गई थी। अयोध्या से शाम को चली ट्रेन जैसे ही पटरंगा रेलवे स्टेशन से लगभग एक किलोमीटर पश्चिम गेट नम्बर 125 के पास पटरंगा व दरियाबाद रेलवे स्टेशन के बीच में भवरिहा नाला के पुल पहुंची ही थी कि ट्रेन बेपटरी हो गई।
लोको पायलट ने घटना की सूचना पटरंगा रेलवे स्टेशन मास्टर सहित अन्य उच्च अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर अपनी टीम के साथ फौरन घटना स्थल पर पहुंच कर मौके का जायजा लिया। पटरंगा थाना प्रभारी विवेक सिंह भी अपनी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पटरंगा स्टेशन मास्टर वीके सिंह से ने बताया कि साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन अयोध्या से लखनऊ की ओर आ रही थी कि गेट नम्बर 125 के पास बेपटरी हो गई थी।
पटरी पर पेड़ गिरने की वजह से इंजन के आगे के चार पहिए पटरी से उतर गए थे। चालक की सूचना पर मैं अपनी टीम के साथ पहुंचा था। रात दो बजे तक यातायात बहाल कर दिया गया था। राहत की बात यह रही की सभी यात्री सुरक्षित रहे।
पढ़ें- अमेरिका ने कहा- रूस के साथ तनाव से प्रभावित नहीं, भारत के साथ संबंध अपनी खूबियों पर टिके हैं
