काशीपुर: एथलेटिक्स खिलाड़ियों का चयन 9 से लखनऊ में
काशीपुर, अमृत विचार। प्रतिष्ठित योजना राष्ट्रीय उत्कृष्ट केंद्र में एथलेटिक्स विधा में (मध्य व लंबी दूरी कार्यक्रम) खिलाड़ियों के प्रवेश के लिए आगामी 9 से 10 फरवरी को लखनऊ केंद्र में पात्र अभ्यार्थियों का चयन होगा। चयन प्रक्रिया में भाग लेने के लिए अभ्यार्थी की उम्र 1 जनवरी 2022 को 16 से 21 वर्ष के …
काशीपुर, अमृत विचार। प्रतिष्ठित योजना राष्ट्रीय उत्कृष्ट केंद्र में एथलेटिक्स विधा में (मध्य व लंबी दूरी कार्यक्रम) खिलाड़ियों के प्रवेश के लिए आगामी 9 से 10 फरवरी को लखनऊ केंद्र में पात्र अभ्यार्थियों का चयन होगा। चयन प्रक्रिया में भाग लेने के लिए अभ्यार्थी की उम्र 1 जनवरी 2022 को 16 से 21 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। यह जानकारी भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) काशीपुर प्रभारी ज्योति शाह ने दी है।
खेल उपलब्धि वर्ष 2018 से 2022 के मध्य मान्यता प्राप्त अंतराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में प्रतिभाग, सीनियर, जूनियर एवं यूथ वर्ग में एएफआई से मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रथम 8 स्थान, खेल इंडिया यूथ गेम्स, स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया, ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रथम 4 स्थान प्राप्त प्रतिभागी, एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया से मान्यता प्राप्त जोनल प्रतियोगिताओं में प्रथम 3, राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक प्राप्त होना चाहिए।
उन्होंने बताया कि अभ्यार्थी को चयन प्रक्रिया के समय जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, खेल उपलब्धियों के प्रमाण पत्र व शैक्षणिक प्रमाण पत्र मूल प्रमाण एवं स्व सत्यापित प्रतिलिपि उपलब्ध करानी होगी। राष्ट्रीय उत्कृष्ट केंद्र में चयनित खिलाड़ियों को साई की ओर से बोर्डिंग-न्यूट्रीशियन विशेषज्ञ द्वारा निर्धारित 120000 या वास्तविक प्रतिवर्ष, आवास 100000, स्पोर्ट्स किट का 20000 प्रतिवर्ष, कंपीटीसन एक्सपोजर 50000 प्रतिवर्ष, मिसलेनियस 5000 प्रतिवर्ष खर्च किए जाते हैं।
इसके अलावा अतिरिक्त विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, विश्व स्तरीय ट्रेनिंग सुविधा व खेल उपकरण, व्यक्तिगत नियोजित पोषण आहार, आधुनिक खेल वैज्ञानिक द्वारा फिजियोलॉजिस्ट, निपुण स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग, फिजियोथेरेपिस्ट एवं मसाज की सुविधा, मेडिकल सुविधा एवं बीमा की सुविधा मिलती है। अभ्यार्थी के चयन प्रक्रिया में भाग लेने के लिए यात्रा, भोजन एवं आवास भत्ता साई की ओर से नहीं दिया जायेगा। अभ्यार्थी को 72 घंटे पूर्व कराई गई कोविड की आरटी पीसीआर निगेटिव रिपोर्ट लाने पर ही केंद्र में प्रवेश दिया जायेगा। अधिक जानाकरी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी www.sailucknow.in/www.sportsauthorityofindia.nic.in वेबसाइट पर संपर्क कर सकते हैं।
