मुरादाबाद : आचार संहिता में लटक गई प्रशिक्षण ले चुके डिप्टी एसपी की तैनाती

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। डा. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी में प्रशिक्षण हासिल कर चुके सात डिप्टी एसपी की तैनाती आचार संहिता में लटक गई है। वर्ष 2017 बैच के इन डिप्टी एसपी का प्रशिक्षण करीब 10 दिन पहले पूरा हो चुका था। इसके बाद सभी को सादे समारोह में शपथ भी दिला दी गई थी, लेकिन अभी …

मुरादाबाद,अमृत विचार। डा. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी में प्रशिक्षण हासिल कर चुके सात डिप्टी एसपी की तैनाती आचार संहिता में लटक गई है। वर्ष 2017 बैच के इन डिप्टी एसपी का प्रशिक्षण करीब 10 दिन पहले पूरा हो चुका था। इसके बाद सभी को सादे समारोह में शपथ भी दिला दी गई थी, लेकिन अभी तक उनकी तैनाती के संबंध में आदेश नहीं आ सका है। अकादमी से शासन को सूचना जाने के बाद सभी की तैनाती के लिए चुनाव आयोग को पत्र भेजा गया है।

वर्ष 2017 में कई प्रशिक्षुओं का चयन डिप्टी एसपी के लिए हुआ था। जिसमें 79 प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण के लिए पुलिस की पाठशाला कही जाने वाली डा. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी भेजा गया था। हालांकि निर्धारित समय तक केवल 72 प्रशिक्षुओं ने आमद कराई थी। जिसके बाद उनका प्रशिक्षण शुरू हो गया। करीब दो माह बाद सात अन्य डिप्टी एसपी ने प्रशिक्षण के लिए अकादमी में आमद दर्ज कराई थी। पहले आमद कराने वाले 72 डिप्टी एसपी का प्रशिक्षण पिछले वर्ष नवंबर में पूरा हो गया था। एक नवंबर को अकादमी में हुई पासिंग आउट परेड में सीएम योगी आदित्यनाथ ने परेड की सलामी लेने के साथ ही सभी को शपथ दिलाई थी। शेष सात प्रशिक्षुओं का प्रशिक्षण 27 जनवरी को पूरा हो गया था। कोरोना के कारण एक सादे समारोह में अकादमी में कार्यरत पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई थी।

तैनाती के लिए चुनाव आयोग को भेजा गया पत्र
अकादमी में प्रशिक्षण पूरा करने वाला यह 86वां बैच था। इस बैच में उन्नाव के मयंक तिवारी, गाजियाबाद के विदुष सक्सेना, गाजीपुर के संगम कुमार, लखनऊ क गौरव सिंह, मथुरा के डा. देवेंद्र पचौरी, प्रयागराज के अतुल पांडेय और प्रतापगढ़ के गुंजन सिंह ने प्रशिक्षण पूरा किया था। हालांकि उस वक्त पीएचक्यू से उनकी तैनाती के संबंध में आदेश नहीं आया था। जबकि नियमानुसार पासिंग आउट परेड से पहले ही सभी की तैनाती का आदेश आ जाता है। परेड के बाद उनको संबंधित जिलों के लिए रवाना कर दिया जाता है। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों का कहना है कि शपथ ग्रहण समारोह से पहले ही प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आचार संहिता लग गई थी। जिस कारण उनकी तैनाती लटक गई है। इस संबंध में पुलिस हेड क्वार्टर से चुनाव आयोग को पत्र भेजा गया है। उम्मीद है कि जल्द ही तैनाती का आदेश आ जाएगा।

ये भी पढ़ें : UP Election 2022 : मुद्दे गायब, मतदाता चुप, उलझन में उम्मीदवार

 

संबंधित समाचार