उत्तर प्रदेश में नफरत की नहीं, नौकरियों की हो बात: प्रियंका गांधी
अलीगढ़। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में नफरत की राजनीति बहुत हो चुकी और विधानसभा चुनाव में नौकरियों की बात की जाये तो बेहतर हो। अलीगढ़ के इगलास विधानसभा क्षेत्र में श्रीमती प्रियंका ने रोड शो के जरिए कांग्रेस प्रत्याशी प्रीति धनगर के समर्थन में लोगों से मतदान …
अलीगढ़। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में नफरत की राजनीति बहुत हो चुकी और विधानसभा चुनाव में नौकरियों की बात की जाये तो बेहतर हो।
अलीगढ़ के इगलास विधानसभा क्षेत्र में श्रीमती प्रियंका ने रोड शो के जरिए कांग्रेस प्रत्याशी प्रीति धनगर के समर्थन में लोगों से मतदान करने की अपील की। रोड शो के बाद वह अलीगढ़ के लिए रवाना हुईं और पार्टी प्रत्याशी मोहम्मद सलमान इम्तियाज के समर्थन में रेलवे रोड से रोड शो शुरू किया। उन्होंने कहा कि हम लोग कह रहे हैं कि चुनाव के समय विकास की बातें होनी चाहिए।
गर्मी-चर्बी की बात करना गलत: प्रियंका गांधी
कोई कह रहा है गर्मी निकालेंगे, कोई कह रहा है चर्बी निकालेंगे, कांग्रेस कह रही है कि हम भर्ती निकालेंगे। तमाम नौजवान बेरोजगार हैं, भर्तियां पड़ी हुई है, 12 लाख खाली पद पड़े हैं सरकार में, उन्हें भरा जाए। इस बार भर्ती निकालने की बात करने वालों को वोट दीजिए, चर्बी निकालने और गर्मी निकालने वालों को खारिज कीजिए। इगलास विधानसभा क्षेत्र में घर-घर जाकर प्रियंका ने प्रचार किया।
प्रियंका को देखने के लिए उतावले दिखे लोग
इस दौरान लोगबाग उनकी एक झलक पाने के लिये उतावले दिखायी पड़े। प्रियंका ने हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन किया। इससे पहले उन्होने ट्वीट कर कहा कि गर्मी, चर्बी नहीं भर्ती की बात हो। नफरत की नहीं, नौकरियों की बात हो। यही उत्तर प्रदेश की असली आवाज है।
गौरतलब है कि कांग्रेस ने अपने यूथ मेनिफेस्टो में आठ वादे किए गए हैं जिनमें 20 लाख सरकारी नौकरियों की गारंटी, इनमें आठ लाख सरकारी पद महिलाओं के लिए रिजर्व करना, परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा स्थल तक बस और रेल यात्रा मुफ्त करने जैसी घोषणाएं शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: लखनऊ: एसआईएस सिक्योरिटी की मध्य प्रदेश की वैन से पकड़ा गया 6.50 लाख नगद
