हरदोई: दो साल के मासूम की गड्ढे में गिरकर डूबने से हुई मौत
हरदोई। घर के बाहर खेल रहा बच्चा अचानक गायब हो गया। बच्चे के गायब होते ही उसके परिजनों में हड़कंप मच गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्चे का सुराग नहीं लगा तो घर वालों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शक के आधार पर घर के बाहर पानी से …
हरदोई। घर के बाहर खेल रहा बच्चा अचानक गायब हो गया। बच्चे के गायब होते ही उसके परिजनों में हड़कंप मच गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्चे का सुराग नहीं लगा तो घर वालों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शक के आधार पर घर के बाहर पानी से भरे गड्ढे से पानी को निकलवाया तब उसमें मासूम का शव पड़ा पाया गया। दो साल के कलेजे के टुकड़े को देखकर उसकी मां का कलेजा फट गया रो-रो कर उसकी मां का बुरा हाल हो गया।
घर के बाहर खेल रहा था अयान
जानकारी के अनुसार पिहानी कस्बे के मोहल्ला महमूद बाग चमेलिया मे दो साल का अयान पुत्र गुड्डू सोमवार की शाम घर के बाहर खेल रहा था। कुछ समय बाद घर वालों ने उसको घर के बाहर नहीं पाया। उसके न मिलने पर घर वालों ने अयान की खोजबीन शुरू कर दी। उसका कहीं पता न चलने पर घर में कोहराम मच गया। इस बीच घरवालों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शक के आधार पर गड्ढे से निकलवाया पानी
मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के बाहर एक गड्ढे में पानी भरा देखकर परिजनों से पानी निकलवाने को कहा तब वहां पंपसेट लगाकर गड्ढे से पानी निकलवाया गया। पानी कम होते ही अयान का शव उसमें पड़ा दिखाई दिया। शव देखकर मां पछाड़ खाकर गिर गई। देखते ही देखते चारों तरफ चीख-पुकार मच गई।
इकलौते मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत की खबर सुनकर कस्बे में भी शोक की लहर फैल गई। जिसने भी सुना वह घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ा। देखते ही देखते जंगल की आग की तरह खबर पूरे कस्बे में फैल गई। अयान गुड्डू का इकलौता पुत्र था।
यह भी पढ़ें: बरेली: मतदाता जागरुकता रैली निकाली
