97 लाख से अधिक मतदाता तय करेंगे प्रत्याशियों का भाग्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

विनोद श्रीवास्तव/अमृत विचार। विश्व प्रसिद्ध पीतल नगर नगरी मुरादाबाद मंडल के पांच जिले में वैलेंटाइन डे के दिन 14 फरवरी को दूसरे चरण में वोट पड़ेंगे। मंडल के पांच जिलों के 97 लाख से अधिक मतदाता प्रत्याशियों की तकदीर लिखेंगे। रामपुर से सपा सांसद व पूर्व मंत्री आजम खान, उनके बेटे अब्दुल्ला आजम, राज्यमंत्री बलदेव सिंह …

विनोद श्रीवास्तव/अमृत विचार। विश्व प्रसिद्ध पीतल नगर नगरी मुरादाबाद मंडल के पांच जिले में वैलेंटाइन डे के दिन 14 फरवरी को दूसरे चरण में वोट पड़ेंगे। मंडल के पांच जिलों के 97 लाख से अधिक मतदाता प्रत्याशियों की तकदीर लिखेंगे। रामपुर से सपा सांसद व पूर्व मंत्री आजम खान, उनके बेटे अब्दुल्ला आजम, राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, अमरोहा में राज्यमंत्री गुलाबो देवी व मुरादाबाद जिले में पूर्व मंत्री कमाल अख्तर जैसे चर्चित चेहरों की प्रतिष्ठा दांव पर है।

मुरादाबाद में पीतल उद्योग की बदहाली, सरकारी मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय, सोनकपुर रेलवे ओवरब्रिज, गोविंदनगर फुटओवर ब्रिज इस चुनाव के प्रमुख मुद्दे हैं, जिन्हें भांप राजनीति के माहिर इस नब्ज पर हाथ रखकर सियासी नैया को पार लगाने में लगे हैं। सरकार को विकास के मुद्दे पर विरोधी घेर रहे हैं तो भाजपा की डबल इंजन सरकार अपने विकास की लंबी फेहरिस्त और सख्त कानून व्यवस्था और अपराधियों पर बुलडोजर चलाने की उपलब्धि गिना काम दमदार फिर एक बार भाजपा सरकार की दुहाई दे रहे हैं तो सपा किसानों, बेरोजगारों व राजनीतिक द्वेष भावना से सरकार के काम करने को मुद्दा बनाकर घेरते हुए 2012 की तरह एक बार फिर सत्ता की चाबी हथियाने की दौड़ में शामिल है। बसपा के हाथी की चिंघाड़ और कांग्रेस का पंजा कितना टिकेगा यह तो 10 मार्च को ही पता चलेगा। लेकिन मतदाताओं की चौखट पर नेता जीत की मनुहार कर आखिरी दिनों में पूरी ताकत झोंके हैं।

मंडल के जिलों का राजनीतिक गणित : मुरादाबाद जिले में विधानसभा की छह सीटें हैं। इस पर 66 प्रत्याशी अपनी तकदीर आजमा रहे हैं। 2667 बूथों पर 14 फरवरी को 24,19,083 मतदाता प्रत्याशियों की तकदीर ईवीएम में बंद करेंगे। मतदाताओं में पुरुष मतदाता 1286166 और महिला मतदाता की संख्या 1132781 है। जबकि थर्ड जेंडर भी वोटर लिस्ट में 136 दर्ज हैं। मुरादाबाद जिले में प्रमुख मुद्दों की बात करें तो पीतल उद्योग की खस्ताहाली, बेरोजगारी, सोनकपुर ओवरब्रिज, विश्वविद्यालय की कमी, सरकारी मेडिकल कॉलेज, जाम, अतिक्रमण लोगों को टीसते हैं। यहां प्रमुख चेहरे पूर्व मंत्री कमाल अख्तर मैदान में हैं।

अमरोहा जिले में इस चुनाव में 43 मैदान में हैं। उनकी तकदीर 13,47,726 वोटरों के हाथ में है। जिसमें पुरुष मतदाता 708259 और महिला मतदाता 639369 हैं। आधी आबादी के लिए इस बार केवल कांग्रेस ने सोचा और उस पर खरी उतरी। कांग्रेस से एकमात्र महिला उम्मीदवार नौगावां सादात से उतारी गई हैं। 1601 बूथ पर जिले में वोट पड़ेगा। जिले में कुल चार विधानसभा सीटें हैं। अमरोहा, धनौरा, हसनपुर और नौगांवा सादात विधानसभा।

यहां अमरोहा विधान सीट पर पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक महबूब अली, नौगावां सादात में पूर्व सांसद देवेंद्र नागपाल, पूर्व विधायक समरपाल सिंह, मंडी धनौरा में वर्तमान विधायक राजीव तरारा, पूर्व सांसद वीर सिंह, इनके पुत्र विवेक मैदान में हैं जबकि हसनपुर में वर्तमान विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी फिर जोर आजमाइश कर रह हैं। यहां के प्रमुख मुद्दे में जलभराव, बंद चीनी मिल, कैलसा में रेलवे लाइन पर ओवरब्रिज, अमरोहा में अंडरपास, हसनपुर में फायर स्टेशन, मेडिकल कॉलेज और सरकारी डिग्री कॉलेज है।

रामपुर में 44 ने ठोकी है ताल
मंडल में हर बार की तरह सबसे अधिक चर्चा में रहने वाले रामपुर जिले की पांच विधानसभा सीटों पर 44 प्रत्याशी चुनावी जंग में ताल ठोंके हैं। इनकी किस्मत 1703367 के हाथ है। जिले में पांच सीटें रामपुर, स्वार, मिलक, बिलासपुर, चमरौआ हैं। इस जिले में राजनीति के कई दिग्गज जैसे सांसद व पूर्व मंत्री आजम खान, आकाश सक्सेना, अब्दुल्ला आजम खान, राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख अपनी सियासी किस्मत को चमकाने के लिए अखाड़े में उतरे हैं।

वैलेंटाइन डे के दिन तय होगा 91 का भाग्य
बिजनौर जिले पर नजर डालें तो यहां आठ विधानसभा सीट पर 91 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जिनका भाग्य 27 लाख 20 हजार से अधिक मतदाताओं के हाथ में है। इस जिले के प्रमुख मुद्दे में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, उद्योग धंधों की कमी, नूरपूर में बाईपास, नगर के चारों तरफ बाहरी बस्तियों में बिजली की समस्या जनहित से जुड़े हैं। अब जनता के मुद्दों पर राजनेताओं की गंभीरता कितनी है इसका निर्णय खुद जागरूक मतदाताओं को ईवीएम का बटन दबाकर करना है।

सम्भल में 15,45,274 मतदाताओं के हाथ फैसला
सम्भल जिले में विधानसभा की चार सीटें सम्भल, असमौली, गुन्नौर और चंदौसी है। यहां 15,45,274 मतदाता इस बार चुनाव में वोट डालेंगे। जिले की प्रमुख राजनीतिक हस्तियों में पिंकी यादव, निदा अहमद, राज्यमंत्री गुलाब देवी, मरगूब आलम की तकदीर का फैसला 10 मार्च को होगा। जिले के प्रमुख मुद्दे में संभल का बदहाल बस स्टेशन राजकीय महाविद्यालय के अलावा उच्च शिक्षा के लिए विश्वविद्यालय नहीं, जिला अस्पताल में चिकित्सकों की कमी, जलभराव की समस्या शुमार है।

 

संबंधित समाचार