बलिया: भाजपा का टिकट घोषित होते ही बलिया की दो सीटों पर बगावत, पार्टी के लिए बना मुसीबत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बलिया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने यूपी के बलिया जनपद पर सभी उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है लेकिन अपनों ने बगावत कर इन प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने का एलान कर पार्टी के साथ- साथ कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को भी पसोपेश में डाल दिया। पार्टी को सबसे ज्यादा परेशानी बैरिया सीट पर दिख रही …

बलिया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने यूपी के बलिया जनपद पर सभी उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है लेकिन अपनों ने बगावत कर इन प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने का एलान कर पार्टी के साथ- साथ कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को भी पसोपेश में डाल दिया। पार्टी को सबसे ज्यादा परेशानी बैरिया सीट पर दिख रही है।

जहां टिकट कटने के बाद भाजपा विधायक एवं फायर ब्रांड नेता सुरेंद्र सिंह के बगावती तेवर पार्टी के सामने मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं। वहीं बलिया में नागेंद्र पांडेय ने भी बगावती तेवर दिखाते हुए बसपा का दामन थाम कर नामांकन करने की घोषणा कर चुके हैं। बांसडीह में कनक पांडेय भी नाराज दिख रहे हैं। हालांकि उन्होंने समर्थकों के साथ मीटिंग करने के बाद स्थिति स्पष्ट करने की बात कही है। बदली हुई परिस्थितियों में अब सबकी नजरें बैरिया और बलिया से घोषित होने वाले सपा के टिकटों पर टिकी है।

बता दें कि भाजपा ने दो दिन पहले रविवार को देर रात जिले की दो विधानसभा सीटों से अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। इसमें पार्टी के फायरब्रांड नेता एवं विधायक सुरेंद्र सिंह का टिकट काट दिया गया है। बलिया नगर से विधायक राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला की सीट बदल दी गई है।

बलिया विधानसभा से अब पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह और बैरिया विधानसभा से राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला को प्रत्याशी घोषित किया गया है। बैरिया से टिकट घोषित होने के बाद वर्तमान विधायक सुरेंद्र सिंह ने नौ फरवरी को नामांकन का एलान कर दिया है। उधर, बलिया सीट से नागेंद्र पांडेय ने बसपा का दामन थामते हुए उन्होंने नौ फरवरी को नामांकन का एलान किया है।

ऐसे में भाजपा के पास विद्रोह को थामना और अपनी सीट को बचाना चुनौती होगी। बांसडीह से भी भाजपा की सहयोगी निषाद पार्टी से केतकी सिंह के प्रत्याशी घोषित होने के बाद एक और दावेदार कनक पांडेय नाराज हो गए हैं। हालांकि उन्होंने अपने पत्ते नहीं खोले हैं। समर्थकों के साथ बातचीत के बाद अपने अगले कदम का एलान करने की बात कही है।

शीर्ष नेतृत्व ने सोच-समझ कर विकास के एजेंडे के साथ प्रत्याशियों की घोषणा की है। इसमें भेदभाव और विरोध की बात नहीं है। पार्टी ने पिछली बार सुरेंद्र सिंह को चुनाव लड़ाया था। शीर्ष नेतृत्व उनसे बात कर रहा है कि वो चुनाव न लड़ें…संजय यादव, विधायक, भाजपा।

यह भी पढ़ें:-सिद्धार्थ मल्होत्रा ने शेयर किया वर्कआउट वीडियो, फैंस जमकर कर रहे कमेंट…

संबंधित समाचार