जिन्होंने महिला आरक्षण का विरोध किया, वे क्या दे पाएंगे औरतों को सुरक्षा: अनुराग ठाकुर
लखनऊ। केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण, सूचना प्रसारण मंत्री व भाजपा के प्रदेश चुनाव सह प्रभारी अनुराग ठाकुर ने बुधवार को कहा कि समाजवादी पार्टी ने महिलाओं के आरक्षण का विरोध किया, इन्होंने सुरक्षा से समझौता किया और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार करने वालों को अपने साथ लिया। उन्हें टिकटें दी और अत्याचारियों का मनोबल …
लखनऊ। केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण, सूचना प्रसारण मंत्री व भाजपा के प्रदेश चुनाव सह प्रभारी अनुराग ठाकुर ने बुधवार को कहा कि समाजवादी पार्टी ने महिलाओं के आरक्षण का विरोध किया, इन्होंने सुरक्षा से समझौता किया और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार करने वालों को अपने साथ लिया। उन्हें टिकटें दी और अत्याचारियों का मनोबल बढ़ाया। जबकि योगी सरकार ने सुरक्षा, संबल और शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहित कर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया है।
योगी सरकार ने उज्जवला योजना के तहत मुफ्त दिया सिलेंडर: अनुराग
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर बुधवार को मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने यह विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह अनुदान योजना के अंतर्गत गरीब परिवार की बेटियों के विवाह हेतु एक लाख तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि हमारी डबल इंजन की सरकार ने देश और प्रदेश के हर गरीब परिवार में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से मुफ्त गैस सिलिंडर प्रदान किया। हमने इसे आगे बढ़ाते हुए सभी लाभार्थियों को होली तथा दीपावली पर 2 मुफ्त एलपीजी सिलेंडर प्रदान करने का फैसला किया है। इससे हमारे गरीब भाई-बहन आसानी से त्यौहार मना सकेंगे।
बीजेपी सरकार ने बुजुर्गों का किया सम्मान
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने हमेशा ही बुजुर्गों का सम्मान किया है। इसी क्रम में हमने फैसला किया है कि हम 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए सार्वजनिक परिवहन में मुफ्त यात्रा की व्यवस्था करेंगे। पूर्व की सरकारें जो सोच भी नहीं सकती थीं उसे हमने अपने कार्यकाल में करके दिखाया है।
इसी प्रकार आने वाले समय में हम 1,000 करोड़ रूपये की लागत के साथ मिशन पिंक टॉयलेट शुरू करेंगे, जिसके अंतर्गत सभी सार्वजनिक स्थलों में महिलाओं के लिए शौचालय का निर्माण एवं उसका रखरखाव सुनिश्चित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: हल्द्वानी: समाज के आदर्श नेताओं ने तार-तार की आचार संहिता
