अमरोहा : ‘निजी स्थान पर नहीं रखी जाएंगी ईवीएम’
अमरोहा, अमृत विचार। जिलाधिकारी बालकृष्ण त्रिपाठी और एसपी पूनम ने मतदान को लेकर सीओ और थाना प्रभारियों के साथ बैठक की। निर्देश दिए कि ईवीएम की सुरक्षा महत्वूपूर्ण होगी। सशस्त्र बल के साथ पोलिंग पार्टी एक साथ रहेंगी और ईवीएम को निजी स्थान पर नहीं रखा जाएगा। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक सभागार में बैठक के …
अमरोहा, अमृत विचार। जिलाधिकारी बालकृष्ण त्रिपाठी और एसपी पूनम ने मतदान को लेकर सीओ और थाना प्रभारियों के साथ बैठक की। निर्देश दिए कि ईवीएम की सुरक्षा महत्वूपूर्ण होगी। सशस्त्र बल के साथ पोलिंग पार्टी एक साथ रहेंगी और ईवीएम को निजी स्थान पर नहीं रखा जाएगा।
गुरुवार को पुलिस अधीक्षक सभागार में बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कानून एवं शांति व्यवस्था के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में सभी थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव कराने के निर्देश दिए। कहा कि मतदाताओं की सुरक्षा का भी ध्यान रखना होगा। उन्होंने कहा कि सभी बूथों पर गोले बनाए गए हैं और सैनेटाइजर, मास्क, ग्लव्स की व्यवस्था की गई है।
कोरोना गाइडलाइन का पालन कराना प्राथमिकता होगी। कहा कि मतदाता पहचान पत्र जो मान्य हैं और जिनका नाम मतदाता सूची में है, वही व्यक्ति मतदान कर सकेगा। डीएम ने बताया कि सुविधा केंद्रों में कुछ व्यक्तियों द्वारा फर्जी आईडी बनाई जा रही है, उनकी सघन जांच की जानी चाहिए। उन्होंने 12 फरवरी को शाम 6 बजे से शराब की दुकान बंद करने के निर्देश दिए।
कहा कि कोई भी व्यक्ति मतदाताओं को लुभाने के लिए शराब, पैसा या अन्य वस्तु वितरण करता है तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। कहा कि मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने वाले अराजक तत्वों के साथ कड़ाई से निपटा जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि पर्दानशीन वाले बूथों को चिन्हित कर महिला कांस्टेबल की तैनाती की जाए। डायल 112 को लगातार भ्रमण करने के निर्देश दिए।
कहा कि मतदान के 72 घंटे पूर्व एसएसटी, एफएसटी की टीमें निरंतर भ्रमणशील रहेंगी और अभियान चलाकर कार्य करेंगे। पुलिस अधीक्षक पूनम ने कहा कि आवश्यक जगह पर बैरियर लगाकर संवेदनशील बूथों पर पैनी नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि अराजक तत्वों के साथ कड़ाई से निपटा जाए। उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा ना जाए। इस मौके पर सीओ, थाना प्रभारी, खुफिया विभाग की टीम आदि मौजूद रहे।
