मुरादाबाद : रंजिश में वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या, पांच के खिलाफ मुकदमा
मुरादाबाद। मूंढापांडे थानाक्षेत्र के गांव में रंजिश के चलते वृद्ध को पीट-पीटकर मार दिया। मृतक के बेटे की तहरीर के आधार पर थाने के चौकीदार और उसके दो पुत्रों समेत पांच लोगों के खिलाफ गैर इरातदन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। …
मुरादाबाद। मूंढापांडे थानाक्षेत्र के गांव में रंजिश के चलते वृद्ध को पीट-पीटकर मार दिया। मृतक के बेटे की तहरीर के आधार पर थाने के चौकीदार और उसके दो पुत्रों समेत पांच लोगों के खिलाफ गैर इरातदन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वृद्ध की मौत का कारण सिर में लगी चोट से ब्रेन हेमरेज होना बताया गया है।
घटना मूंढापांडे थानाक्षेत्र के गांव बूजपुर आशा की है। यहां रहने वाले मनोज ने बताया कि तीन दिन पूर्व उसके पिता 65 वर्षीय सियाराम का मूंढापांडे थाने में कार्यरत चौकीदार बनारसी से शराब पीने के दौरान विवाद हो गया था। उस समय तो मामला किसी तरह निपट गया था, मगर बनारसी इस बात को लेकर उससे रंजिश रखता था। गुरुवार की शाम उसके पिता गांव के निकट ही लगने वाले साप्ताहिक बाजार से सब्जी खरीदने गए थे। सब्जी व अन्य सामान खरीदने के बाद वह सूप बेच रहे उसके मामा अंतराम के पास खड़े होकर बात कर रहे थे।
आरोप है चौकीदार बनारसी अपने बेटों मोहित, रोहित और मन्नी पुत्र जगदीश, वीरू पुत्र नरेश वहां पहुंच गया। इन लोगों ने लात घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। हमलावरों ने पकौड़ी की दुकान से लकड़ी का फट्ठा उठाकर वृद्ध के सिर पर वार कर दिया। सिर में चोट लगने से सियाराम जमीन पर गिर पड़े। जानकारी मिलते ही सियाराम का बेटा गौरव भी मौके पर पहुंच गया। उसने पिता को बचाने का प्रयास किया तो हमलावरों ने उसे भी पीटकर घायल कर दिया। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंचे अन्य परिजन घायल वृद्ध को उठाकर करनपुर के निजी अस्पताल ले गए। वहां डाक्टरों ने हालत गम्भीर बताते हुए मुरादाबाद ले जाने की सलाह दी। इस पर परिवार वाले उन्हें जिला अस्पताल ले गए। मगर तब तक देर हो चुकी थी।
डॉक्टरों ने सियाराम को देखते ही मृत घोषित कर दिया। जबकि उनके बेटे गौरव को भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया और पुलिस को सूचना दी। मृतक के पुत्र ने रात में ही थाने पहुंचकर बनारसी, उसके दोनों बेटों मोहित और रोहित तथा मन्नी और वीरु के खिलाफ नामजद तहरीर दी। इंस्पेक्टर पाकबड़ा संजय पांचाल ने बताया कि मृतक के पुत्र गौरव की तहरीर पर चौकीदार बनारसी, उसके पुत्रों मोहित और रोहित तथा मन्नी पुत्र जगदीश और वीरू पुत्र नरेश के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है। पुलिस नामजदों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि शनिवार को सियाराम के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पीएम रिपोर्ट में सिर में लगी गहरी चोट से ब्रेन हेमरेज से मौत होने की पुष्टि हुई है।
ये भी पढ़ें : बीस हजार रुपये का इनामी गिरफ्तार, ठेकेदार पर किया था जानलेवा हमला
