तस्नीम मीर ने जीता ईरान फज्र इंटरनेशनल चैलेंज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शिराज (ईरान)। दुनिया की नंबर एक जूनियर बैडमिंटन भारतीय खिलाड़ी तस्नीम मीर ने शुक्रवार को यहां ईरान फज्र इंटरनेशनल चैलेंज में इंडोनेशिया की युलिया योसेफिन सुसांतो पर फाइनल में तीन गेम में मिली जीत से महिला एकल खिताब अपने नाम किया। गुजरात की 16 वर्षीय खिलाड़ी ने दूसरी वरीय सुसांतो को 51 मिनट में 21-11, …

शिराज (ईरान)। दुनिया की नंबर एक जूनियर बैडमिंटन भारतीय खिलाड़ी तस्नीम मीर ने शुक्रवार को यहां ईरान फज्र इंटरनेशनल चैलेंज में इंडोनेशिया की युलिया योसेफिन सुसांतो पर फाइनल में तीन गेम में मिली जीत से महिला एकल खिताब अपने नाम किया। गुजरात की 16 वर्षीय खिलाड़ी ने दूसरी वरीय सुसांतो को 51 मिनट में 21-11, 11-21, 21-7 से शिकस्त दी।

अंडर-19 एकल में दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी बनने वाली पहली भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी तस्नीम की सीनियर विश्व रैंकिंग 404 है। इससे पहले तस्नीम ने ईरान की नाजनीन जमानी, अर्मेनिया की लिलिट पोघोस्यान, ईरान की फातेमेह बाबाई, भारत की समायरा पंवार को हराया था। सेमीफाइनल में तस्नीम ने शीर्ष वरीय और दुनिया की 71वें नंबर की खिलाड़ी मार्टिना रेपिस्का को शिकस्त दी थी।

प्रणवी ने 13 महीने बाद जीता पहला खिताब
हैदराबाद। मैसूर की किशोरी प्रणवी उर्स ने पिछले 13 महीनों का इंतजार समाप्त करते हुए शुक्रवार को यहां हीरो महिला प्रो गोल्फ टूर के पहले चरण का खिताब अपने नाम किया। कलाई की चोट से उबरकर वापसी करने वाली 18 वर्षीय प्रणवी ने गौरिका बिश्नोई के खिलाफ पहले प्लेऑफ होल में बर्डी बनायी और जीत दर्ज की। गौरिका ने पहले दो दिन तक बढ़त बनाये रखी थी लेकिन प्रणवी ने आखिर में उन्हें खिताब से वंचित कर दिया। प्रणवी और गौरिका दोनों ने समान पांच अंडर 211 का स्कोर बनाया था जिसके बाद प्लेऑफ का सहारा लिया गया। प्लेऑफ में प्रणवी ने बर्डी बनायी जबकि गौरिका पार स्कोर ही बना सकी। एमेच्योर स्नेहा सिंह दो अंडर 214 के कुल स्कोर के साथ तीसरे जबकि जाह्नवी बख्शी एक अंडर 215 का स्कोर बनाकर चौथे स्थान पर रही।

संबंधित समाचार