हल्द्वानी: जेल में सौरभ का मुंडन संस्कार, बानी का अन्नप्रासन
हल्द्वानी, अमृत विचार। कुख्यात अपराधियों और विचाराधीन बंदियों से भरे हल्द्वानी उप कारागार शुक्रवार को खुशियों में डूबा था। जेल में एक बच्चे का मुंडन संस्कार हो रहा था, जबकि जेल में ही पैदा हुई एक बच्ची को आज पहली बार अन्न चखाया गया। मंत्रोचारण के बीच हुए इस कार्यक्रम के बाद जेल में मिष्ठान …
हल्द्वानी, अमृत विचार। कुख्यात अपराधियों और विचाराधीन बंदियों से भरे हल्द्वानी उप कारागार शुक्रवार को खुशियों में डूबा था। जेल में एक बच्चे का मुंडन संस्कार हो रहा था, जबकि जेल में ही पैदा हुई एक बच्ची को आज पहली बार अन्न चखाया गया। मंत्रोचारण के बीच हुए इस कार्यक्रम के बाद जेल में मिष्ठान वितरण किया गया और यह सारी व्यवस्थाएं जेल प्रशासन की ओर से की गईं।
जेल अधीक्षक सतीश कुमार सुखीजा ने बताया कि रुद्रपुर निवासी मनसा उर्फ सुमन पत्नी ब्रजकिशोर हत्या के एक मामले में जेल में बंद है। मनसा का बेटा सौरभ दो साल का है और उसका मुंडन संस्कार होना था।
इसके लिए पति-पत्नी का एक साथ होना जरूरी था। ऐसे में जेल अधीक्षक ने जेल में ही मुंडन संस्कार का इंतजाम कराया। पंडित बुलाए गए, जेल को सजाया गया और लजीज मिष्ठान बनवाए गए। मंत्रोचारण के बीच विधिवत तरीके से सौरभ का मुंडन संस्कार कराया गया। इसके अलावा बानी का अन्नप्रसान भी हुआ।
बता दें कि बानी की मां पूजा पॉस्को के एक मामले में बंद है और जेल में रहने के दौरान ही पूजा ने एक बेटी को जन्म दिया। जिसका जेल में ही नामकरण संस्कार कराया गया था। अब बानी छह माह की हो चुकी है और शुक्रवार को पहली बार बानी को हलवा खिलाकर जेल में अन्नप्रसान की परंपरा का निर्वहन किया गया।
इस दौरान महिला बंदियों ने भजन गाए और लजीज व्यंजनों का लुफ्त लिया। कार्यक्रम में जेल अधीक्षक सतीश कुमार सुखीजा, जेल चिकित्सक डा. इकरार हुसैन, चीफ फार्मासिस्ट कमल सिंह, फार्मासिस्ट उदय प्रताप सिंह, महिला फार्मासिस्ट शिवानी बिष्ट आदि थे।
