पीलीभीत: सीसीटीवी फुटेज में कैद मिली संदिग्ध की तस्वीर, चेहरा साफ नहीं
पीलीभीत,अमृत विचार। भाजपा कार्यालय में हुई चोरी के मामले में पदाधिकारी भले ही चौकीदार की मुस्तैदी का हवाला देते हुए चोरी का प्रयास बता साख बचा गए हो। मगर, एफआईआर दर्ज होने के बाद फजीहत भी जमकर हो रही है। एलईडी चोरी की अज्ञात पर एफआईआर दर्ज कर छानबीन में जुटी पुलिस ने कार्यालय में …
पीलीभीत,अमृत विचार। भाजपा कार्यालय में हुई चोरी के मामले में पदाधिकारी भले ही चौकीदार की मुस्तैदी का हवाला देते हुए चोरी का प्रयास बता साख बचा गए हो। मगर, एफआईआर दर्ज होने के बाद फजीहत भी जमकर हो रही है। एलईडी चोरी की अज्ञात पर एफआईआर दर्ज कर छानबीन में जुटी पुलिस ने कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक कराई है।
इसमें एक संदिग्ध की तस्वीर कैद मिली है। हालांकि धुंधली फुटेज होने की वजह से चेहरा साफ नहीं आया है। जिसकी वजह से पहचान कराना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। वहीं, घटना में किसी भीतर के व्यक्ति की संलिप्तता उजागर हुई है। फिलहाल खुलासे के लिए टीमें लगी हैं। मगर, तीन दिन बाद भी नतीजा ढाक के तीन पात ही है।
असम हाईवे पर सुनगढ़ी थाना क्षेत्र में पूरनपुर गेट पुलिस चौकी से सौ मीटर की दूरी पर भारतीय जनता पार्टी का जिला कार्यालय है। दस फरवरी की रात कार्यालय में चौकीदार और प्रचार वाहन के दो चालक मौजूद थे। इसके बावजूद खिड़की के रास्ते घुसे चोर जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह के कमरे से एलईडी चोरी कर ले गए थे। सूचना मिलने पर सुनगढ़ी पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई।
कार्यालय प्रभारी की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली थी। उधर, जिलाध्यक्ष समेत अन्य भाजपाई घटना न होने की बात कहकर साख बचाने में जुटे रहे थे। इस मामले में तीन दिन से पुलिस सुरागरसी कर रही है। कार्यालय पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक कराई गई। इसमें एक संदिग्ध दिखाई दिया है।
मगर, उसकी तस्वीर साफ नहीं आई है, जिसकी वजह से पहचान मुश्किल पड़ रही है। आसपास के लोगों से भी पुलिस ने संपर्क किया, लेकिन उनसे भी कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है। सत्ताधारी दल के कार्यालय में हुई वारदात को लेकर जहां भाजपा को फजीहत झेलनी पड़ी है, वहीं पुलिस भी दबाव में दिखाई दे रही है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि छानबीन चल रही है। फुटेज में कैद हुए संदिग्ध की भी पहचान करा रहे हैं, जल्द वर्कआउट किया जाएगा।
ये भी पढ़ें-
