मुरादाबाद : जवानों की तैनाती से दबंगों-शरारती तत्वों के हौसले पस्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। सोमवार को विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। चप्पे-चप्पे पर सीएपीएफ के जवानों को तैनात देख दबंगों और शरारती तत्वों के हौसले पस्त हो गए। मतदान के दौरान जनपद में कुछ जगह छिटपुट घटनाएं हुईं, मगर पुलिस ने समय रहते उन पर काबू पाया। …

मुरादाबाद, अमृत विचार। सोमवार को विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। चप्पे-चप्पे पर सीएपीएफ के जवानों को तैनात देख दबंगों और शरारती तत्वों के हौसले पस्त हो गए। मतदान के दौरान जनपद में कुछ जगह छिटपुट घटनाएं हुईं, मगर पुलिस ने समय रहते उन पर काबू पाया। मतदान में गड़बड़ी करने वालों की ड्रोन कैमरे से निगरानी की जाती रही। एडीजी से लेकर डीआईजी और एसएसपी मोबाइल रहकर पल-पल की जानकारी लेते रहे। सादी वर्दी में महिला-पुरुष पुलिस कर्मी संदिग्धों पर नजरे जमाए रहे। सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी लगातार मॉनिटरिंग की गई।

मतदान शुरू होते ही सीएपीएफ के जवानों ने जबरदस्त सख्ती बरतनी शुरू कर दी। बूथ के बाहर पुलिसकर्मी चार लोगों को एक साथ खड़ा नहीं होने दे रहे थे। ऊंची इमारतों पर रूफ टॉप ड्यूटी लगाई गई थी। यहां भी जवान मुश्तैदी से पैनी नजर जमाए हुए थे। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगाह रखी जा रही थी। जो भी संदिग्ध दिखा, उसे तत्काल संबंधित थाना के हवाले कर दिया गया। एडीजी राजकुमार ने पाकबड़ा के मतदान केंद्र पहुंचकर सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लिया। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह, डीआईजी शलभ माथुर व एसएसपी बबलू कुमार पूरे दिन मतदान की पल-पल की रिपोर्ट लेते रहे। उन्होंने कलेक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम पर भी पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

डिजिटल वॉलेंटियर की नजरों में रहे अफवाह फैलाने वाले
मतदान के दौरान सोशल मीडिया के जरिए अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने वालों पर भी नजरें रहीं। इस सख्ती के चलते शरारती तत्वों के मंसूबे कामयाब नहीं हो सके। पुलिस-प्रशासन की सख्ती से जनपद में झूठी अफवाह फैलाने का एक भी मामला प्रकाश में नहीं आया।

कई जगह लोग आए आमने-सामने, पुलिस की सतर्कता से टला बवाल
जनपद में कई स्थानों पर सपा और भाजपा समर्थक आमने-सामने आ गए। एकाध स्थानों पर फर्जी मतदान का आरोप भी लगा मगर पुलिस की सतर्कता से बवाल टल गया। जानकारी पर तत्काल हरकत में आई पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करके हालात पर काबू पा लिया।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : मतदान को लेकर भाजपा-सपा समर्थक भिड़े, हंगामा

संबंधित समाचार